नोएडा, 24 सितंबर। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जेवर टोल प्लाजा और फलैदा कट के बीच नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के अंदर तेजी से धुआं भर गया था, जिससे यात्रियों को सांस लेने में भी परेशानी हुई।
राज कल्पना ट्रैवल्स की थी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी। आग लगने की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
9 यात्रियों की मौत, पहचान की कोशिश जारी
आग इतनी भीषण थी कि 9 यात्री बस के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित टीमें मृतकों की पहचान के प्रयास में जुटी हैं।
करीब 20 मिनट तक रोका गया ट्रैफिक
हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल प्लाजा और फलैदा कट के आसपास करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। आग पर काबू पाने और स्थिति नियंत्रित होने के बाद यातायात को फिर से सुचारू कर दिया गया।
यात्रियों ने बताया हादसे का खौफनाक मंजर
हादसे में बाल-बाल बचे यात्रियों ने बताया कि आग लगने के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। यात्री रिंकी राजपूत के मुताबिक, अचानक किसी ने आग लगने की सूचना देकर यात्रियों को जगाया। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और घना धुआं भर गया। उन्होंने बताया कि आग ड्राइवर के केबिन की तरफ से शुरू हुई थी।
एक अन्य यात्री विश्वामित्र यादव ने बताया कि आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने कहा कि यात्रियों ने किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है।


