1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. पेरिस ओलम्पिक : महिला गोल्फर अदिति अशोक ने T29 पर रहते हुए समाप्त किया अभियान, दीक्षा डागर T49 पर रहीं
पेरिस ओलम्पिक : महिला गोल्फर अदिति अशोक ने T29 पर रहते हुए समाप्त किया अभियान, दीक्षा डागर T49 पर रहीं

पेरिस ओलम्पिक : महिला गोल्फर अदिति अशोक ने T29 पर रहते हुए समाप्त किया अभियान, दीक्षा डागर T49 पर रहीं

0
Social Share

पेरिस, 10 अगस्त। भारत की शीर्षस्थ महिला गोल्फर अदिति अशोक शनिवार को पेरिस ओलम्पिक खेलों की महिला गोल्फ स्पर्धा के चौथे व अंतिम दिन T29 पर रहते हुए अपने अभियान का समापन किया वहीं दीक्षा डागर T49 पर रहीं। इसके साथ ही पेरिस 2024 की गोल्फ स्पर्धा में भी पदक विहीन भारतीय अभियान समाप्त हो गया। पिछले सप्ताह पुरुष गोल्फ में शुभंकर शर्मा और गगनजीत भुल्लर क्रमशः T40 और T45 पर रहे थे।

अदिति ने अंतिम दिन 7 बर्डी और 3 बोगी लगाई

गोल्फ नेशनल में प्रतिस्पर्धा करने उतरीं अदिति अशोक गुरुवार को दूसरे राउंड के बाद T14 पर थीं। तीसरे राउंड के बाद वह 26 स्थान नीचे खिसककर T40 पर पहुंच गईं, लेकिन शनिवार को 4-अंडर 68 के स्कोर से उन्हें 2 ओवर 290 के अंतिम स्कोर के साथ 11 स्थान का फायदा हुआ। अदिति ने शुक्रवार को 7 ओवर 79 का स्कोर करने के बाद अंतिम दिन 7 बर्डी और 3 बोगी लगाई।

दीक्षा प्रत्येक राउंड के साथ पिछड़ती चली गईं

वहीं दीक्षा डागर 6 ओवर 78 का स्कोर दर्ज करने के बाद 7 स्थान नीचे खिसककर T49 पर आ गईं। 2021 डेफ ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता दीक्षा पहले दिन T7 पर थीं, लेकिन प्रत्येक राउंड के साथ वह लीडरबोर्ड पर नीचे खिसकती गईं और उनका फाइनल स्कोर 13 ओवर 301 रहा।

अदिति टोक्यो 2020 में चौथे स्थान पर रही थीं

टोक्यो 2020 में भी ये दोनों महिला गोल्फर भारतीय टीम का हिस्सा थीं। अदिति अशोक तीन साल पहले गोल्फ इवेंट में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने के साथ चौथे स्थान पर रही थीं जबकि दीक्षा ने T50 स्थान हासिल किया था। पेरिस 2024 में महिला गोल्फ स्पर्धा में 60 गोल्फर शामिल थीं, जिन्होंने चार दिनों में चार राउंड में प्रतिस्पर्धा की।

टोक्यो 2020 की कांस्य विजेता न्यूजीलैंड की लिडिया को बनीं चैम्पियन

इस बीच रियो 2016 की रजत पदक विजेता और टोक्यो 2020 की कांस्य पदक विजेता न्यूजीलैंड की लिडिया को ने 10-अंडर 278 के फाइनल स्कोर के साथ सेट पूरा करने के लिए स्वर्ण पदक जीता। जर्मनी की एस्तेर हेन्सलेइट ने कुल 8-अंडर 280 के साथ रजत पदक जीता जबकि पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की जियू लिन ने 7-अंडर 281 के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

उल्लेखनीय है कि गोल्फ 1900 और 1904 में ओलम्पिक प्रोग्राम में शामिल था। लेकिन उसके बाद इसे हटा दिया गया था। इस खेल की रियो 2016 में फिर वापसी हुई और तब से यह ओलम्पिक का हिस्सा रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code