एक दिनी सीरीज : कोहली व गिल के तूफानी शतकों से वेस्टइंडीज पस्त, बड़ी जीत से टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त

तिरुवनंतपुरम, 27 सितम्बर। पूर्व कप्तान विराट कोहली (नाबाद 139 रन, 88 गेंद, नौ छक्के, 10 चौके) व मौजूदा कप्तान शुभमन गिल (110 रन, 108 गेंद, एक छक्का, 13 चौके) ने त्योहारी मौसम में रविवार को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में तूफानी शतकीय प्रहारों से ऐसा धूम-धड़ाका किया कि 295 रनों का भारी भरकम स्कोर बनाने के बावजूद वेस्टइंडीज पस्त हो गया और टीम इंडिया ने पहले एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच में 50 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट की बड़ी जीत से सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली।

कुलदीप ने झटके 4 विकेट, ग्रीव्स के शतक से 295 रनों तक पहुंचा था विंडीज

एक दिनी फोल्ड में वापसी करने वाले वामहस्त कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव (4-40) की मारक कोशिशों के बावजूद पहले बल्लेबाजी पर बाध्य कैरेबियाई टीम जस्टिन ग्रीव्स के शतकीय प्रहार (101 रन, 108 गेंद, 12 चौके) व सलामी जोड़ीदार जॉन कैंपबेल (62 रन, 60 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) संग उनकी 135 रनों की भागीदारी की मदद से 50 ओवरों में सात विकेट पर 295 रनों तक जा पहुंची थी। जवाब में भारत ने 41.4 ओवरों में दो विकेट पर ही 300 रन बनाकर प्रभावशाली जीत दर्ज की।

विराट व गिल के बीच 132 गेंदों पर 151 रनों की साझेदारी

कठिन लक्ष्य के सामने रोहित शर्मा (32 रन, 35 गेंद तीन छक्के, दो चौके) संग 74 रन जोड़ने वाले गिल को जब ‘किंग’ कोहली का साथ मिला तो रनों की रफ्तार टॉप गियर में चली गई। इन दोनों ने 132 गेंदों पर 151 रनों की भागीदारी कर दी। फिर ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 13 रन, 19 गेंद) को एक छोर पर खड़ा कर कोहली ने 46 गेंदों पर ही 75 रन तोड़ते हुए दल की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने 42वें ओवर में केसी कार्टी की गेंद पर विजयी छक्का जड़ा।

सचिन को पछाड़ एक दिनी में तीव्रतम 15 हजारी बने

कोई और दिन होता तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कुलदीप ही मुख्य आकर्षण होते, लेकिन भारत को त्योहारों के मौसम में डिनर के समय अपने बल्लेबाजों को ODI टारगेट का पीछा करते हुए देखने से ज्यादा कुछ पसंद नहीं है। खासकर, जब उनमें से एक कोहली हों, जो इस पारी के दौरान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए तीव्रतम 15,000 एक दिनी रन पूरे किए। सचिन की 373 पारियों के मुकाबले कोहली ने 303 पारियों में यह उपलब्धि अर्जित की।

अब तक 86 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ चुके हैं ‘किंग’ कोहली

इसी क्रम में कोहली का 55वां ODI शतक उन्हें शीर्ष पर और आगे ले गया। साथ ही वह 60 लिस्ट-ए शतकों के मामले में सचिन तेंदुलकर के बराबर भी पहुंच गए। क्रिकेट के तीनों संस्करणों की बात करें तो विराट का आंकड़ा 86 शतकों तक जा पहुंचा है। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि वह शतकों के शतक तक कब पहुंचते हैं।

एक जीवनदान पाने के बाद गिल ने जड़ा 10वां शतक

गिल की बात करें तो उन्होंने 11 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और अपना 10वां वनडे शतक ठोक दिया। पहले 50 रन 49 गेंदों पर पूरा करने वाले शुभमन ने अगले 50 रन 47 गेंदों पर पूरे किए। दूसरी ओर, 40 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने वाले कोहली ने वही किया, जो वह इन सभी वर्षों से करते आए हैं।

विराट ने तेज दौड़ लगाकर रन जुटाए और फिर बेहरतीन शॉट्स की झड़ी लगा दी। शतक पूरा करने के बाद थके प्रतीत हो रहे गिल को रोस्टन चेज ने लौटाया। लेकिन 37 वर्षीय खिलाड़ी कोहली ने 74 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया और गायकवाड़ की मौजूदगी में दल की जीत पर अंतिम मुहर लगाई।

कुलदीप ने कैंपबेल को लौटाकर शतकीय भागीदारी तोड़ी

इसके पूर्व ग्रीव्स व जॉन कैंपबेल ने 19.2 ओवरों में ही 135 रन जोड़ दिए, तब वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था। लेकिन कुलदीप ने ऐसी पिच पर कुछ जादू बिखेरा, जिसने स्पिनरों को थोड़ी मदद दी और विंडीज बल्लेबाजों के रनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। उन्होंने कैंपबेल को फंसाने के साथ भागीदारी तोड़ी तो फिर कप्तान साई होप (12 रन), ग्रीव्स व जेवेल एंड्रयू (शून्य) के भी विकेट निकाले।

स्कोर कार्ड

ग्रीव्स व कैंपबेल के अलावा सिर्फ अमिर जांगू ( नाबाद 58 रन, 43 गेंद, एक छक्का, सात चौके) व रोस्टन चेज (24 रन, 32 गेंद, तीन चौके) के सहारे मेहमान टीम 290 के पार पहुंची। कुलदीप के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 60 रन खर्च कर दो विकेट लिए तो नीतीश रेड्डी को एक सफलता मिली।

30 सितम्बर को गुवाहाटी में खेला जाएगा दूसरा मैच

दोनों टीमों के बीच अब 30 सितम्बर को गुवाहाटी में दूसरा वनडे खेला जाएगा जबकि तीन अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में तीसरा व अंतिम मुकाबला होगा। उसके बाद दोनों टीमें पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular