उत्तर भारत में बारिश का कहर, बिहार-UP में बाढ़ जैसे हालात; हिमाचल में 175 सड़कें बंद

नई दिल्ली, 3 सितंबर। उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मानसून की बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन के कारण सैकड़ों मार्ग बाधित हुए हैं। बारिश और जलभराव ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।

बिहार में 13 जिले प्रभावित, गंगा खतरे के निशान से ऊपर

बिहार में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आठ प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। राजधानी पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से करीब दो फीट ऊपर बह रही है। रोहतास स्थित इंद्रपुरी बैराज में पानी का दबाव बढ़ने के बाद सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं। इसके चलते आसपास के निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है। प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

काशी में हजारों लोग विस्थापित

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वरुणा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में पानी घुस गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। अब तक 407 परिवारों के 1,768 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। विस्थापित लोगों की कुल संख्या 2,910 तक पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य के लिए 36 नावें तैनात की गई हैं।

उत्तराखंड में नदियां उफान पर, अल्मोड़ा में स्कूल बंद

उत्तराखंड में भी भारी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। हल्द्वानी की गौला और रामनगर की कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अल्मोड़ा जिले में सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

हिमाचल में भूस्खलन से 175 से अधिक सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। इसके कारण राज्य में 175 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। कालका-शिमला फोरलेन पर परवाणू फल मंडी के पास भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण दर्जनों वाहन रातभर फंसे रहे। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन और राहत दल प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular