![लोकसभा चुनाव : छठे चरण की 58 सीटों पर मतदान आज, कई दिग्गजों की साख दांव पर](https://revoi-hindi.s3.ap-south-1.amazonaws.com/wp-content/uploads/2024/05/25025751/%E0%A4%9B%E0%A4%A0%E0%A5%87-%E0%A4%9A%E0%A4%B0%E0%A4%A3-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%B5%E0%A5%8B%E0%A4%9F%E0%A4%BF%E0%A4%82%E0%A4%97.jpg)
लोकसभा चुनाव : छठे चरण की 58 सीटों पर मतदान आज, कई दिग्गजों की साख दांव पर
नई दिल्ली, 24 मई। लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए शनिवार (25 मई) को आठ राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 58 सीटों पर मतदान होना है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे होने वाली वोटिंग में 11 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य हैं। इस चरण में 889 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
लोकसभा के साथ ओडिशा की 42 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग
इस चरण में जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान हो रहा है, उनमें बिहार (8 सीटें), हरियाणा (सभी 10 सीटें), जम्मू और कश्मीर (एक सीट), झारखंड (4 सीटें), दिल्ली (सभी 7 सीटें), ओडिशा (6 सीटें), उत्तर प्रदेश (14 सीटें) और पश्चिम बंगाल (8 सीटें) शामिल हैं। इसके साथ ही ओडिशा की 42 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान होगा।
11.13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 11.13 करोड़ वोटर्स में से 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग ने दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित शहरी केंद्रों में मतदाताओं से शनिवार को बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया है।
1.14 लाख मतदान केंद्रों पर लगभग 11.4 लाख मतदानकर्मी तैनात
चुनाव आयोग ने इसी क्रम में 1.14 लाख मतदान केंद्रों पर लगभग 11.4 लाख मतदानकर्मियों को तैनात किया है। भारत के बड़े हिस्से में गर्मी के प्रकोप के चलते आयोग ने चुनाव अधिकारियों और राज्यों को पर्याप्त उपाय करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में 25 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 428 सीटों के लिए मतदान पूरा हो गया है। छठे चरण के बाद एक जून को सातवें व अंतिम चरण की 57 सीटों पर वोटिंग होगी जबकि चार जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्रियों सहित इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
छठे चरण में कुछ केंद्रीय मंत्रियों सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें धर्मेंद्र प्रधान, राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा मेनका गांधी, संबित पात्रा, मनोहर लाल खट्टर, मनोज तिवारी, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता राज बब्बर और कन्हैया कुमार आदि शामिल हैं।