गुजरात : सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी थीं सवार

सूरत, 25 अगस्त। मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार की शाम सूरत के पास पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी सवार थी। फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।

यात्रियों में मची अफरातफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22961 सूरत रेलवे स्टेशन से रवाना होकर उत्तरण स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थरबाजी से कोच C-6 और C-10 की खिड़कियों के शीशे टूट गए। अचानक हुए इस हमले से बोगियों के भीतर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। ट्रेन में एक वीवीआईपी (VVIP) हस्ती के सवार होने के बीच हुई इस पत्थरबाजी की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया।

नशे में धुत संदिग्ध युवक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही अंकलेश्वर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के आला अधिकारी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और सघन जांच शुरू की। आरपीएफ की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेलवे ट्रैक के पास से करीब 30 वर्षीय एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक अत्यधिक नशे की हालत में था। फिलहाल रेलवे पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि करने की प्रक्रिया में जुटी है।

हमले के मकसद की गहन जांच शुरू

सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल गिरफ्तार संदिग्ध से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि पथराव सिर्फ नशे की हालत में किया गया था या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश या मकसद था। इस संवेदनशील घटना के बाद रेलवे प्रशासन बेहद सतर्क हो गया है और सूरत-अहमदाबाद रेलवे ट्रैक के आसपास गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

पश्चिम रेलवे के PRO ने दी आधिकारिक जानकारी

पश्चिम रेलवे के पीआरओ अनुभव सक्सेना ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूरत से ट्रेन निकलने के तुरंत बाद सूचना मिली थी कि उत्तरण रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ है। कंट्रोल रूम से जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल ने तुरंत एक्शन लिया। अंकलेश्वर आरपीएफ इंस्पेक्टर बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित से आगे की पूछताछ और कानूनी काररवाई की प्रक्रिया चल रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular