1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. वडोदरा पुल हादसा: महिसागर नदी से 2 और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 13 पहुंची, सर्च ऑपरेशन जारी
वडोदरा पुल हादसा: महिसागर नदी से 2 और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 13 पहुंची, सर्च ऑपरेशन जारी

वडोदरा पुल हादसा: महिसागर नदी से 2 और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 13 पहुंची, सर्च ऑपरेशन जारी

0
Social Share

वडोदरा, 10 जुलाई। गुजरात के वड़ोदरा जिले में एक नदी पर बने पुल के ढहने की घटना में दो और शव बरामद होने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बुधवार सुबह पादरा कस्बे के निकट गंभीरा गांव के पास चार दशक पुराने पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए।

वड़ोदरा जिले के पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने बताया, ‘‘बुधवार रात को नदी से दो और शव बरामद होने के साथ पुल ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इस घटना में घायल हुए पांच लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।’’ रात में मिले दोनों शवों की पहचान मेहराम हथिया (51) और विष्णु रावल (27) के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, मध्य गुजरात को राज्य के सौराष्ट्र से जोड़ने वाले गंभीरा-मुजपुर पुल का एक स्लैब बुधवार सुबह करीब सात बजे ढह गया। जिससे पुल से गुजर रहे वाहन नदी में गिर गए। आनंद ने बताया कि बचाए गए नौ लोगों में से पांच लोग घायल हैं और उनका वडोदरा के एसएसजी (सर सैयाजीराव जनरल) अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घायलों में से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम उच्च स्तरीय जांच के लिए बृहस्पतिवार सुबह यहां पहुंची। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य एजेंसियां नदी में खोज एवं बचाव अभियान संचालित कर री हैं।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि वडोदरा के जिलाधिकारी अनिल धमेलिया सहित विभिन्न अधिकारी बृहस्पतिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और अभियान का निरीक्षण किया, जबकि राजस्व अधिकारियों और पुलिस की टीम रात भर यहां डेरा डाले रही।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code