1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा अमेरिका, ह्वाइट हाउस ने कहा- ट्रंप कर रहे विकल्पों की समीक्षा
ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा अमेरिका, ह्वाइट हाउस ने कहा- ट्रंप कर रहे विकल्पों की समीक्षा

ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा अमेरिका, ह्वाइट हाउस ने कहा- ट्रंप कर रहे विकल्पों की समीक्षा

0
Social Share

वॉशिंगटन, 27 अप्रैल। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ ईरान के एक नए प्रस्ताव पर चर्चा की, जो उसने संघर्ष को सुलझाने के लिए भेजा है। ह्वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कैरोलिन लेविट ने एक प्रेस ब्रीफिंग में पुष्टि की कि प्रस्ताव की जांच की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि क्या इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘हो सकता है कि बैठक अब भी चल रही हो, या शायद नहीं, लेकिन प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी।’

होर्मुज समुद्री मार्ग खोलने को ईरान तैयार, लेकिन परमाणु कार्यक्रम पर अडिग

बताया जा रहा है कि ईरान के नए प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना शामिल है, जबकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा को टालने की बात कही गई है। हालांकि, लेविट ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या प्रशासन इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि ईरान के संबंध में राष्ट्रपति ट्रंप की ‘रेड लाइंस’ (सीमाएं) अब भी पूरी तरह से लागू हैं।

ट्रंप की ‘रेड लाइंस’ (सीमाएं) अब भी पूरी तरह से लागू – कैरोलिन लेविट

अमेरिका की नाकेबंदी खत्म करने के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के ईरान के सुझाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कहूंगी कि वे इस पर विचार कर रहे थे। मैं बस इतना कहूंगी कि इस पर चर्चा चल रही है।’

लेविट ने यह भी पुष्टि की कि ट्रंप ने दिन की शुरुआत में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ बैठक की थी, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या वह बैठक अब भी जारी है। उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन है कि इस विषय पर आप बहुत जल्द सीधे राष्ट्रपति से ही सुनेंगे।’

मार्को रूबियो ने भी ईरान के प्रस्ताव के स्वरूप को खारिज किया

इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी ईरान के प्रस्ताव के स्वरूप को खारिज कर दिया, और कहा कि कोई भी ऐसी व्यवस्था अस्वीकार्य होगी, जो तेहरान को जलडमरूमध्य तक पहुंच को नियंत्रित करने की अनुमति देती है।

ईरान यह तय नहीं करेगा कि कौन होर्मुज जलमार्ग का उपयोग करेगा और किस कीमत पर

फॉक्स न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में रूबियो ने कहा, ‘यदि जलडमरूमध्य को खोलने से उनका मतलब ईरान की निगरानी में सशर्त पहुंच है, तो इसे जलडमरूमध्य को खोलना नहीं कहा जा सकता। हम ऐसी व्यवस्था की अनुमति नहीं दे सकते, जिसमें ईरान यह तय करे कि कौन एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग का उपयोग करेगा और किस कीमत पर।’

दरअसल, ये चर्चाएं तब शुरू हुईं, जब ट्रंप ने अचानक अपने दूतों – स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की पाकिस्तान यात्रा की योजना रद कर दी थी, जिन्हें सप्ताहांत में बातचीत के एक और दौर के लिए पाकिस्तान जाना था।

अधिकारियों से उम्मीद की जा रही थी कि वे आगे की राह के विकल्पों पर विचार करेंगे, जिसमें यह भी शामिल था कि क्या अमेरिका के बमबारी अभियान को फिर से शुरू किया जाए या नहीं। यह अभियान पिछले सप्ताह संघर्ष-विराम की अवधि बढ़ाए जाने के बाद से फिलहाल रुका हुआ है।

ट्रंप इस संघर्ष को और आगे बढ़ने के पक्ष में नहीं

वस्तुतः ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इस संघर्ष को और बढ़ाने के प्रति अपनी हिचकिचाहट के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह यात्रा रद कर दी क्योंकि ईरान ने कोई संतोषजनक प्रस्ताव पेश नहीं किया था। उन्होंने आगे कहा कि यात्रा रद होने के बाद तेहरान एक संशोधित दस्तावेज लेकर वापस आया।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code