दतिया में भाजपा टिकट विवाद पर बवाल, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों के प्रदर्शन में पथराव; कई पुलिस अधिकारी घायल
दतिया, 11 जुलाई। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम किया और इस दौरान पथराव की घटना में कई पुलिस अधिकारी व जवान घायल हो गए। उपद्रव के दौरान पुलिस के कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि करीब 12 घंटे तक चले चक्का जाम को प्रशासन ने देर रात समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वे हटने को तैयार नहीं हुए तो स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
जिलाधिकारी के अनुसार पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में डीएसपी, एसडीओपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी गई है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आचार संहिता के दौरान प्रशासन पूरी सख्ती से नियमों का पालन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल द्वारा किसे टिकट दिया जाता है, यह उसका आंतरिक मामला है, लेकिन इसके कारण आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बाजार बंद के आह्वान पर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने एक दिन पहले बाजार बंद की घोषणा की थी, लेकिन अधिकांश व्यापारियों ने इसका समर्थन नहीं किया। किसी भी प्रकार की जबरन बंदी रोकने के लिए बाजारों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी को भी बलपूर्वक दुकानें बंद नहीं कराने दी जाएंगी। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 16 कंपनियां तैनात की गई हैं। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
वहीं, दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम करने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने हटवा दिया। बाजार सामान्य रूप से खुलवा दिए गए हैं और हालात अब नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि पथराव के बाद भी पुलिस ने संयम बरता और लाठीचार्ज नहीं किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केवल आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया गया। घटना में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के दौरान शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
