1. Home
  2. राज्य
  3. UP Pharma Conference 1.0 : सीएम योगी बोले- दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है यूपी
UP Pharma Conference 1.0 :  सीएम योगी बोले- दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है यूपी

UP Pharma Conference 1.0 : सीएम योगी बोले- दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है यूपी

0
Social Share

लखनऊ, 3 फरवरी। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है। योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां वैश्विक निवेशकों एवं उद्यमियों के आयोजन ‘उत्तर प्रदेश दवा सम्मेलन – एक’ की शुरुआत की। इस मौके पर केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन संबोधित किया।

योगी आदित्‍यनाथ ने उत्तर प्रदेश के व्यापक संसाधन और संभावनाओं को गिनाते हुए कहा, ”हमारे पास राष्‍ट्रीय स्‍तर की चार प्रयोगशालाएं मौजूद हैं। तमाम केन्द्र पहले से मौजूद हैं और उत्तर प्रदेश दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है। सबसे बड़ा कार्यबल भी राज्य में मिल सकता है।” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की अपराध के प्रति ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति के कारण राज्य दंगों, जबरन वसूली और अराजकता के केंद्र से बदलकर निवेश के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक जगह बन गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं रहा, बल्कि एक ऐसा राज्य बन गया है जहां कानून का राज है और कोई राजनीतिक दखल नहीं है। उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति को याद करते हुए कहा, ”आप 2012 और 2017 के बीच उत्तर प्रदेश की कल्पना कर सकते हैं। उस दौरान 900 से ज़्यादा दंगे हुए थे। शायद ही कोई ऐसा शहर था जहां कर्फ्यू न लगा हो।”

उन्होंने आरोप लगाया कि उन सालों में व्यापारियों, डॉक्टरों और उद्यमियों को ”गुंडा टैक्स” देने के लिए मजबूर किया जाता था और सरकार की कोई स्पष्ट नीति न होने के कारण युवाओं के पास भविष्य की कोई योजना नहीं थी। स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति आभार प्रकट करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बजट सत्र के कारण वह सीधे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने अपना शुभकामना संदेश दिया है, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं।

योगी ने निवेशकों के मन में उम्मीद जगाते हुए कहा कि हम आपके स्वागत के लिए तैयार हैं। ललितपुर में शुरू की गई एक परियोजना का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”यह कहावत है कि ललितपुर को न छोडियो। वहां पहले फार्मा के लिए भूमि आवंटित की और अब कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है।”  चिकित्सा उपकरण पार्क के लिए सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि नोएडा के जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इसी माह प्रधानमंत्री जी देश को समर्पित करेंगे और इसके निकट 300 एकड़ क्षेत्र में चिकित्सा उपकरण पार्क की स्थापना की जा रही है।

योगी ने कहा कि आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर ‘मेडटेक सेंटर’ 1200 करोड़ रुपये की लागत और राज्‍य सरकार के सहयोग से विकसित हो रहा है। एसजीपीजीआई भी दूसरे सेंटर के रूप में विकसित हो रहा है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आज राज्य में मजबूत आधारभूत ढांचा है। देश के 55 फीसदी एक्सप्रेस वे उप्र में हैं। राज्य का हर जिला मुख्यालय फोर लेन और तहसील मुख्यालय फोर लेन या टू लेन से जुड़ा है।

इससे पहले उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश के आधारभूत ढांचा की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कारोबारी सुगमता में हमने बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिया कि आप लोग जो दवा बनाएंगे उसका सबसे बेहतर और व्यापक उपयोग उत्तर प्रदेश में होगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राकेश सचान, जसवंत सैनी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code