1. Home
  2. कारोबार
  3. केंद्रीय मंत्री ने कहा- कपड़ा उद्योग से 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा होने की उम्मीद
केंद्रीय मंत्री ने कहा- कपड़ा उद्योग से 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा होने की उम्मीद

केंद्रीय मंत्री ने कहा- कपड़ा उद्योग से 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा होने की उम्मीद

0
Social Share

नई दिल्ली:  टेक्सटाइल यानि कपड़ा उद्योग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से देश में रोजगार के साथ ही बाजार को भी बढ़ा रहा है। यही वजह है कि भारत में वस्त्र उद्योग के साल 2030 तक 35,000 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक बढ़ने और 3.5 करोड़ नौकरियां सृजित करने की आशा है।

  • भारत’ ब्रांड को मिलेगी पहचान

दरअसल, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने वाणिज्य भवन में आयोजित ‘भारत टेक्स 2025’ के कर्टेन रेजर कार्यक्रम के दौरान कहा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा विश्व मंच पर भारत को उसके ‘भारत’ ब्रांड और हरित टिकाऊ कपड़ा उत्पादों से पहचान मिलेगी। कपड़ा उद्योग के लिए केंद्र सरकार की पीएलआई योजना परिधान उद्योग को उत्पादन बढ़ाने और अपनी ब्रांडिंग को बढ़ावा देने में सक्षम बनाएगी।

  • 5F-फार्म से फाइबर से फैक्ट्री से फैशन से फॉरेन तक का प्रतीक

उन्होंने कहा कि नवाचार, सहयोग और मेक इन इंडिया भावना के साथ यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के 5एफ दृष्टिकोण- फार्म से फाइबर से फैक्ट्री से फैशन से फॉरेन तक का प्रतीक है। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर और राज्य सरकारों से इस आयोजन में समान रूप से भाग लेने का आग्रह किया। इस मौके पर कपड़ा सचिव रचना शाह ने कहा कि पिछला भारत टेक्स 2024 एक सफल आयोजन रहा था। इस बार भी इस आयोजन को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। इसमें दुनिया भर के टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े हुए लोग भाग लेंगे।

  • क्या है ‘भारत टेक्स 2025

भारत टेक्स 2025 एक वैश्विक कार्यक्रम है, जो कपड़ा निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी) के एक संघ द्वारा आयोजित किया जा रहा है और कपड़ा मंत्रालय द्वारा समर्थित है। 14-17 फरवरी, 2025 तक आयोजित होने वाला भारत टेक्स 2025 दो अत्याधुनिक स्थानों पर होगा।

इस बार भारत मंडपम, नई दिल्ली और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में एक साथ आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 14-17 फरवरी, 2025 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा और 12-15 फरवरी, 2025 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें वस्त्रों की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को शामिल किया जाएगा, हस्तशिल्प, परिधान मशीनरी, जातीय परिधान से संबंधित प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। 200,000 वर्ग मीटर में फैले इस आयोजन में 5,000 से अधिक प्रदर्शकों, 110 से अधिक देशों के 6,000 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की मेजबानी की जाएगी और इस वर्ष के आयोजन में 1,20,000 से अधिक आगंतुकों के भाग लेने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में करीब 100 अंतरराष्ट्रीय वक्ता भी हिस्सा लेने वाले हैं।

  • भारत टेक्स प्रदर्शनी में देशभर के कपड़ों की मिलेगी वैरायटी

भारत टेक्स प्रदर्शनी में परिधान, घरेलू सामान, फर्श कवरिंग, फाइबर, सूत, धागे, कपड़े, कालीन, रेशम, कपड़ा आधारित हस्तशिल्प, तकनीकी कपड़ा और बहुत कुछ शामिल होगा। इसके अलावा, हस्तशिल्प और परिधान मशीनरी पर प्रदर्शनियां, जनजातीय परिधानों का प्रदर्शन इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट, ग्रेटर नोएडा के सहयोगी स्थल पर आयोजित किया जाएगा।

  • गोलमेज सम्मेलन और बी2बी बैठकें भी होंगी

कपड़ा महोत्सव कई प्रकार की गतिविधियों की पेशकश करेगा, एक वैश्विक आकार का व्यापार मेला और एक्सपो, एक वैश्विक स्तर का कपड़ा सम्मेलन, सेमिनार, सीईओ गोलमेज सम्मेलन और बी2बी और जी2जी बैठकें होंगी। इसमें रणनीतिक निवेश घोषणाएं, उत्पाद लॉन्च और वैश्विक कपड़ा उद्योग को नया आकार देने के लिए तैयार सहयोग भी शामिल होंगे। उपस्थित लोग लाइव प्रदर्शनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और फैशन प्रस्तुतियों, डिजाइनर और ब्रांड प्रदर्शनियों और स्थिरता कार्यशालाओं और विशेषज्ञ वार्ता की प्रतीक्षा कर सकते हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code