1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. टैरिफ वॉर के बीच बोले ट्रंप – ‘लगता है, हमने भारत और रूस को अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया…’
टैरिफ वॉर के बीच बोले ट्रंप – ‘लगता है, हमने भारत और रूस को अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया…’

टैरिफ वॉर के बीच बोले ट्रंप – ‘लगता है, हमने भारत और रूस को अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया…’

0
Social Share

वॉशिंगटन, 5 सितम्बर। भारत पर 50 फीसदी टैरिफ थोपे जाने से उपजी तनातनी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके रूस और भारत से रिश्ते खत्म होते नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अमेरिका ने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। पोस्ट के साथ ट्रंप ने चीन में हुए शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ नजर आ रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘लगता है, हमने भारत और रूस को सबसे अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया है। ईश्वर करे कि उनका भविष्य लंबा और समृद्ध हो!’ ट्रंप ने एससीओ समिट की तस्वीर शेयर करते हुए संकेत दिया है कि रूस और भारत के चीन की तरफ जाने को वह अमेरिका के साथ रिश्ते खत्म करने की तरह देख रहे हैं। वहीं विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से की गई इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं है।

टैरिफ से बढ़ा तनाव

उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने रूस से तेल आयात जारी रखने वाले भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। अमेरिकी सरकार ने बीते महीने भारत के सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। इससे दोनों देशों के बीच तनाव है। वहीं रूस के साथ यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर अमेरिका की तनातनी बढ़ी हुई है। इस घटनाक्रम के बीच रूसी राष्ट्रपति पुतिन और पीएम नरेंद्र मोदी ने इस माह की शुरुआत में चीन का दौरा किया है।

चीन में एससीओ समिट के लिए पुतिन और मोदी पहुंचे। दोनों नेताओं की चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के साथ मुलाकात हुई। रूस, चीन और भारत के नेताओं के साथ आने को अमेरिका को जवाब देने की तरह देखा गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि मोदी ने चीन जाकर ट्रंप को सख्त संदेश दिया है। ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट से लगता है उन्हें मोदी, जिनपिंग और पुतिन की बैठक से धक्का पहुंचा है।

भारत पर हमलावर हैं ट्रंप

ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ के बाद भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंध काफी नीचे पहुंच गए हैं। अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी बेस टैरिफ और रूसी तेल की निरंतर खरीद पर 25 फीसदी का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। रूस से तेल खरीद और अमेरिकी सामानों पर शुल्क को लेकर ट्रंप भारत पर हमलावर हैं।

ट्रंप ने इसी हफ्ते कहा था कि भारत की व्यापार नीतियां एकतरफा और अमेरिकी हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनके रिश्ते काफी अच्छे रहे हैं, लेकिन भारतीय आयात पर 50 फीसद का शुल्क अमेरिकी हित में लगाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत वर्षों से अमेरिकी सामानों पर बहुत ज्यादा शुल्क लगा रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code