1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : ट्रक-बस की टक्कर में 6 यात्रियों की मौत, एक घायल
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : ट्रक-बस की टक्कर में 6 यात्रियों की मौत, एक घायल

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : ट्रक-बस की टक्कर में 6 यात्रियों की मौत, एक घायल

0
Social Share

मथुरा, 7 फरवरी। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर ट्रक के बस से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बजकर 45 मिनट पर हुई। सुरीर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब नोएडा से कानपुर जा रही एक बस को बीच में एक यात्री के शौचालय जाने के कारण रोका गया था।

उन्होंने बताया कि एक कंटेनर ने बस को बगल से टक्कर मार दी, जिससे बस से उतरकर सड़क पर खड़े छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, बस और कंटेनर चालक भाग गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई तथा तीन घायल हो गए, जिनमें से दो को कोई गंभीर चोट नहीं थी। उनमें से एक की स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों के परिजनों को नियमानुसार सहायता मुहैया कराई जाएगी। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान औरैया निवासी सोनू (32), बस्ती निवासी देवेश (32), कन्नौज निवासी असलम (27), दिल्ली निवासी संतोष (45), औरैया निवासी अनुराग (27) और फिरोजाबाद निवासी प्रमोद (35) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान औरैया निवासी शिवकांत दुबे (46) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी ने बताया शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश जारी है। शेष यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code