1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. मथुरा में हादसा : यमुना नदी में पीपा पुल से टकराकर पलटी नाव, लुधियाना से आए 30 श्रद्धालु डूबे, 10 की मौत
मथुरा में हादसा : यमुना नदी में पीपा पुल से टकराकर पलटी नाव, लुधियाना से आए 30 श्रद्धालु डूबे, 10 की मौत

मथुरा में हादसा : यमुना नदी में पीपा पुल से टकराकर पलटी नाव, लुधियाना से आए 30 श्रद्धालु डूबे, 10 की मौत

0
Social Share

मथुरा, 10 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब लुधियाना से वृंदावन आए 30 श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़े। पुलिस और गोताखोर भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में राहत बचाव कार्य शुरू कराया गया। अंतिम समाचार मिलने तक 10 लोगों के शव निकाले जा चुके थे जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लुधियाना से 30 श्रद्धालुओं का ग्रुप वृंदावन घूमने आया था। सभी श्रद्धालु यमुना नदी के भ्रमण के लिए नाव पर सवार हो गए। आम दिनों के मुकाबले शुक्रवार को हवा काफी तेज चल रही थी। बताया जाता है करीब पौने तीन बजे हवा के तेज झोंके के चलते नाव का संतुलन बिगड़ गए और वह पीपा पुल से टकराने के साथ पलट गई।

15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, 5 अन्य की तलाश जारी

श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों के अलावा पुलिस और गोताखोरों ने आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। तब तक सभी लोग गहरे पानी में समा चुके थे। हालांकि गोताखोरों ने 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन 10 लोगों की मौत हो गई। बाकी पांच लोगों की भी तलाश में गोताखोर लगे हैं।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम, एसएसपी और डीआईजी ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। एनडीआरएफ और सेना को भी बुलाया गया है। अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी घायलों का मुफ्त में इलाज कराया जाएगा। एसडीएम ऋतु सिरोही ने हादसे की वजह ओवरलोड बताया। उन्होंने कहा कि नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए सभी अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य के साथ घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code