बंगाल चुनाव के लिए TMC का घोषणापत्र जारी : ‘पक्का घर, महिलाओं व युवाओं को आर्थिक मदद सहित कई अहम घोषणाएं’
कोलकाता, 20 मार्च। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अगले माह प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का घोषणापत्र जारी कर दिया। इसमें महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद, सभी के लिए पक्का घर, हर घर जाकर स्वास्थ्य सेवा, किसानों को मदद, साफ पीने का पानी, स्कूली शिक्षा में सुधार और सात नए जिलों का गठन सहित कई अहम घोषणाएं शामिल हैं।

यह एजेंडा अगले 5 वर्षों तक एक रोडमैप का काम करेगा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस अवसर पर कहा कि यह एजेंडा अगले पांच वर्षों तक उनकी सरकार के लिए एक रोडमैप का काम करेगा। उन्होंने कहा, ‘मैं बंगाल के लोगों से अपील करती हूं कि बंगाल को बचाने के लिए एकजुट होकर BJP के खिलाफ लड़ें। अगर केंद्रीय एजेंसियां आपको डराने की कोशिश कर रही हैं तो डरें नहीं। यदि वे आपको पैसे देने की कोशिश कर रहे हैं, तो न लें। वे बॉर्डर इलाकों से पैसा और हथियार, माफिया लाते हैं, यहां अशांति और दंगे कराने की कोशिश कर रहे हैं। मैं बांटने वाली राजनीति नहीं कर रही हूं। हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई.. सब एक जैसे हैं।’
Today, I place before the people my 10 ‘Protigya’ for Bengal.
My commitments span every pillar of governance, strengthening support for women, youth, farmers, landless agricultural labourers, and the elderly; advancing education and healthcare; ensuring housing and piped… pic.twitter.com/LIhsJsliCr
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) March 20, 2026
सीएम ममता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “लक्ष्मी भंडार’ स्कीम के तहत, जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और SC/ST को हर महीने 1,700 रुपये मिलेंगे। जो युवा बेरोजगार हैं उन्हें हर महीने 1,500 रुपये पॉकेट मनी के तौर पर मिलेंगे। बंगाल इंडस्ट्री के लिए एक डेस्टिनेशन है। हम MSME में नंबर वन हैं। MSME के तहत 1.5 करोड़ कर्मचारी काम करते हैं। बंगाल में लेदर इंडस्ट्री सबसे बड़ी है।’
I humbly present my 10 ‘Protigya’ for Bengal, so that the wheels of development continue to move forward in the fourth term of my government.
Under Lakshmir Bhandar, with an increase of ₹500, women will continue to receive monthly financial assistance of ₹1,500 for General… pic.twitter.com/qt3TUInByi
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) March 20, 2026
घोषणापत्र की अहम बातें
- घोषणापत्र की एक बड़ी बात ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक मदद को जारी रखना है। TMC ने वादा किया है कि यदि ममता बनर्जी की सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो वह यह मासिक राशि जारी रखेगी। साथ ही इसमें ₹500 की बढ़ोतरी भी करेगी।
- बनर्जी ने कहा, ‘लक्ष्मी भंडार योजना के तहत ₹500 की बढ़ोतरी के साथ सामान्य वर्ग की लाभार्थी महिलाओं को हर महीने ₹1,500 (साल भर में ₹18,000) और SC/ST वर्ग की लाभार्थी महिलाओं को हर महीने ₹1,700 (साल भर में ₹20,400) की आर्थिक मदद मिलती रहेगी।’
- उन्होंने कहा कि ‘बांग्लार युवा-साथी (Banglar Yuba-Sathi scheme)’ योजना भी जारी रहेगी, जिसके तहत बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹1,500 दिए जाएंगे। TMC ने किसानों के परिवारों की मदद करने जमीन-विहीन किसानों को सहारा देने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए ₹30,000 करोड़ का कृषि बजट रखने का भी वादा किया है।
- TMC के घोषणापत्र में एक और बड़ा एलान ‘दुआरे चिकित्सा (Duare Chikitsa)’ नाम से घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने की योजना शुरू करने का वादा है। इस योजना के तहत राज्य सरकार हर साल हर ब्लॉक और शहर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करेगी।
- ममता बनर्जी ने कहा, ‘स्वास्थ्य सेवाएं हर घर के आँगन तक पहुंचेंगी। हर ब्लॉक और शहर में लगने वाले ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविरों के ज़रिए लोगों को उनके घर पर ही अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘बांग्लार शिक्षायतन’ पहल के तहत सभी सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किए जाएंगे।
