शीतकालीन सत्र : टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ ब्रायन ने फेंकी रूल बुक, शेष अवधि के लिए निलंबित

नई दिल्ली, 21 दिसंबर। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ ब्रायन को संसद की मर्यादा भंग करने के आरोप में शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को सदन की नियमावली पुस्तिका अधिकारियों की टेबल की ओर उछालने के कारण उनके खिलाफ यह काररवाई की गई।

दरअसल, कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक, 2021 विचार और पारित करने के लिए पेश किया था, जिसका विपक्षी सदस्यों ने जोरदार विरोध किया। इसी क्रम में टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ ब्रायन विरोध जताते हुए इतने गुस्से में आ गए कि उन्होंने रूल बुक ही फेंक दी।

डेरेक ओ ब्रायन का आरोप – किसान बिल की तरह इसे भी पास कराया जा रहा

वस्तुतः डेरेक ओ’ ब्रायन ने बिल के पास करने के तरीके पर आपत्ति दर्ज करवाई। उन्होंने कहा, ‘हम सदन के नियमों का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस तरह से किसान बिल पास करवाया गया था, उसी तरीके से यह बिल भी पास करवाया जा रहा है।’ डेरेक उस वक्त बहुत गुस्से में थे और उन्होंने संसद की रूल बुक (जो उस वक्त उनके हाथ में थी) को स्पीकर की चेयर की तरफ फेंक दिया। इसके बाद वह सदन से वॉकआउट कर गए।

सेक्रेटरी जनरल पर रूल बुक फेंकना आपत्तिजनक अभिव्यक्ति : भूपेंद्र यादव

इसके बाद सदन में जोरदार हंगामा हुआ और विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट किया। सदन में बिल पास होने के बाद, श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सदस्यों के आचरण की आलोचना की। उन्होंने नियम 258 का हवाला देते हुए कहा कि सेक्रेटरी जनरल पर रूल बुक फेंकना अपने आप में आपत्तिजनक अभिव्यक्ति है। सदन के किसी भी सदस्य को, खासकर अगर कोई दल का नेता हो, ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। वहीं सदन के नेता पीयूष गोयल ने भी इस तरह के आचरण पर आपत्ति दर्ज करवाई।

हालांकि संसद के प्रसारण में डेरेक ओ’ ब्रायन को रूल बुक फेंकते दिखाया नहीं गया, लेकिन भूपेंद्र यादव और पीयूष गोयल ने अपनी बातों से यह साफ कर दिया कि डेरेक ओ’ ब्रायन ने सदन में क्या किया था।

राज्यसभा की कार्यवाही खत्म होने के साथ ही सदन में उनके व्यवहार की आलोचना की गई। इसके बाद वोटिंग कराई गई और संसद की मर्यादा भंग करने के इस कृत्य पर उन्हें संसद से निलंबित कर दिया गया।

पिछली बार किसान बिल का विरोध करने पर निलंबित किया गया था

दूसरी तरफ डेरेक ओ’ ब्रायन ने अपने निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछली बार उन्हें किसान बिल का विरोध करने पर निलंबित किया गया था और इस बार भाजपा का विरोध करने पर निलंबित किया गया है, जो खुद संसद का मजाक बना रही है। उम्मीद है कि यह बिल भी जल्दी वापस ले लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular