1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. गुजरात चुनाव : जिन सीटों पर 50 वर्षों से नहीं हारी थी कांग्रेस, वहां भी खिला कमल
गुजरात चुनाव : जिन सीटों पर 50 वर्षों से नहीं हारी थी कांग्रेस, वहां भी खिला कमल

गुजरात चुनाव : जिन सीटों पर 50 वर्षों से नहीं हारी थी कांग्रेस, वहां भी खिला कमल

0
Social Share

अहमदाबाद, 10 दिसम्बर। गुजरात विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। पार्टी ने जीत के सारे रेकॉर्ड तोड़े हैं। इसी क्रम में भाजपा को कांग्रेस के अभेद्य गढ़ भी भेदने में कामयबी मिली है। यहां तक की ऐसी सीट, जहां 50 वर्षों तक कांग्रेस ने राज किया, वहां 2022 का चुनाव गेम चेंजर बन गया।

भाजपा ने कांग्रेस के 14 में 9 गढ़ भेदे, 2 अपने भी खोए

भाजपा ने कांग्रेस के 14 में से नौ गढ़ भेद कर जीत हासिल की है। हालांकि इस बीच भाजपा ने अपने दो गढ़ खो भी दिए। एक आम आदमी पार्टी ने जीती और दूसरा एक निर्दलीय प्रत्याशी ने। वहीं भाजपा के नाम एक और रेकॉर्ड दर्ज हुआ है, वह है 11 प्रत्याशियों की एक लाख से ज्यादा अंतर से जीत का। कांग्रेस खेड़ब्रह्मा, अंकलव, दांता और दाणिलिमदा पर कब्जा करने में कामयाब रही। वंसदा पर भी कांग्रेस की पकड़ बरकरार रही। 2002 के चुनाव में भी 14 सीटें कांग्रेस के प्रति निष्ठावान रहीं, जब भाजपा ने 127 सीटों का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

आणंद जिले की दो सीटें खोईं

1967 के बाद से कांग्रेस आणंद जिले के बोरसद और खेड़ा जिले के महुधा जैसे अपने परंपरागत गढ़ों में कभी नहीं हारी थी। हालांकि इन दोनों सीटों पर इस बार भाजपा प्रत्याशी रमा सोलंकी और संजयसिंह महिदा ने जीत हासिल की है।

भाजपा के हाथ से फिसलीं 2 सीटें

इसके विपरीत, भाजपा ने पिछले 24 वर्षों में 31 सीटों को नहीं खोया है। हालांकि, इस बार बोटाड सीट से ‘आप’ उम्मीदवार उमेशभाई मकवाना जीत गए जबकि वाघोडिया सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में खड़े भाजपा के बागी धर्मेंद्रसिंह वाघेला ने 14,006 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

भाजपा ने रचे कई कीर्तिमान

राज्य विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 156 सीटें जीतकर गुजरात की चुनावी राजनीति में एक नया कीर्तिमान रचते हुए, भाजपा ने कुछ अन्य चुनावी रेकॉर्ड भी बनाए हैं। 1960 में राज्य के गठन के बाद से यह पहला चुनाव था, जिसमें भाजपा के 11 उम्मीदवारों ने एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इससे पहले, सबसे ज्यादा चार उम्मीदवारों ने 2002 में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। एक अन्य रेकॉर्ड में, भाजपा के 40 उम्मीदवारों ने इस बार 50,000 से एक लाख मतों के अंतर से चुनाव जीता। 2017 के चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों की संख्या 21 थी।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने इस बार हासिल की सबसे बड़ी जीत

सबसे अधिक जीत का अंतर कार्यवाहक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हासिल किया। उन्होंने घाटलोडिया सीट से अमीबेन याग्निक को 1.92 लाख मतों के अंतर से हराया है। उनके बाद संदीप देसाई ने चोरयासी सीट पर आप के प्रकाश कांट्रेक्टर को 1.86 लाख मतों के अंतर से हराया। मजुरा सीट पर हर्ष सांघवी ने आप के पीवी सरमा को 1.17 लाख वोटों से हराया।

 

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code