तालिबान ने पहली बार इस्लामाबाद पर गिराया बम, विस्फोटक ड्रोन से पाकिस्तानी सेना के ठिकाने को बनाया निशाना
इस्लामाबाद, 27 फरवरी। पाकिस्तानी फाइटर जेट के काबुल पर हमले के बाद अब तालिबानी सेना ने इस्लामाबाद में जोरदार हवाई हमला करने का दावा किया है। अफगान मीडिया का कहना है कि विस्फोटक ड्रोन के जरिए इस हमले को अंजाम दिया गया है।
जमरुद और अबोटाबाद में भी हवाई हमला
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अफगान वायुसेना ने पूर्वाह्न 11 बजे पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के फैसलाबाद में सेना के ठिकाने पर हमला किया है। इसके अलावा जमरुद और अबोटाबाद में भी हवाई हमला किया गया है।
यह पहली बार है, जब तालिबान ने इस्लामाबाद पर हवाई हमला किया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। तालिबानी रक्षा मंत्रालय ने अपने ताजा बयान में कहा कि हवाई अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। तालिबानी सेना ने कहा कि इस हवाई हमले में पाकिस्तानी सेना के केंद्रों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। यह हमला पाकिस्तानी वायुसेना के लगातार हवाई हमले के जवाब में किया गया है।
इससे पहले पाकिस्तानी वायुसेना ने काबुल, कंधार और पाकटिआ में कई हमले करके तालिबानी सेना के कई ठिकानों को तबाह करने का दावा किया था। वहीं सीमा रेखा डूरंड लाइन पर भी जोरदार लड़ाई जारी है।
तालिबान ने पाकिस्तान के 55 से ज्यादा सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है। तालिबान ने अबोटाबाद में पाकिस्तानी सेना के अकादमी पर ड्रोन हमला किया। तालिबान ने इन ड्रोन हमलों का वीडियो भी जारी किया है। इस बीच टोलो न्यूज के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने तोरखम में एक अस्पताल को निशाना बनाया है।
अफगान मीडिया का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब तालिबानी ड्रोन पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक पहुंच गया और असीम मुनीर की सेना उसे रोकने में विफल रही। एक प्रत्यक्षदर्शी ने वायरल वीडियो में बताया कि यह ड्रोन हमला पाकिस्तानी सेना के इलाके में किया गया है। इस हमले के बाद बहुत ही तेज आवाज आई। तालिबानी सोशल मीडिया पर ड्रोन की तस्वीरें भी शेयर कर रहे हैं। अफगान मीडिया के मुताबिक डूरंड लाइन पर खोश्त प्रांत के तीन जिलों में भी तालिबानी सेना ने पाकिस्तानी चौकियों को भारी हथियारों से निशाना बनाया है। यह हमला अब भी जारी है।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने दी थी धमकी
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा था, ‘हमारे देश का धैर्य अब जवाब दे चुका है और अब अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग की स्थिति बन गई है।’ उनका यह बयान अफगानिस्तान की ओर से सीमा पार हमले के बाद दोनों देशों की जवाबी काररवाई के उपरांत आया है।
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘पाकिस्तान को आशा थी कि नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) बलों की वापसी के बाद अफगानिस्तान में शांति कायम होगी और तालिबान अफगानिस्तान की जनता की भलाई तथा क्षेत्र में स्थिरता पर ध्यान देगा…।’ फिलहाल पड़ोसी देशों के बीच तेज हुए हमलों से कतर की मध्यस्थता में हुआ संघर्षविराम कमजोर पड़ता दिख रहा है। हालांकि, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपने बयान में संघर्षविराम का कोई उल्लेख नहीं किया।
