शेयर बाजार में शानदार शुरुआत : सेंसेक्स 367 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,160 के पार; IT शेयरों में जोरदार खरीदारी
मुंबई, 17 जुलाई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार करते दिखे। सुबह 9:16 बजे बीएसई सेंसेक्स 367 अंक यानी 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ 77,554 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 90 अंक यानी 0.38 फीसदी की मजबूती के साथ 24,163 के स्तर पर पहुंच गया।
IT शेयरों ने दिखाई दमदार तेजी
शुरुआती कारोबार में सबसे अधिक खरीदारी आईटी सेक्टर में देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा निफ्टी ऑटो, सर्विसेज, प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। हालांकि, फार्मा, मीडिया, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में हल्की कमजोरी दर्ज की गई।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स की प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स शामिल रहे। वहीं, इटरनल, सन फार्मा, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और भारती एयरटेल के शेयर दबाव में कारोबार करते नजर आए।
बाजार की चाल पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल बाजार सीमित दायरे में ही कारोबार करता रह सकता है। उनका कहना है कि रुपये में लगातार कमजोरी का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ा है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ऊंचे स्तर पर होने के कारण विदेशी मुद्रा जमा (FCNR-B) में अपेक्षित निवेश नहीं आया, जिससे रुपया दबाव में है। इस सप्ताह भारतीय मुद्रा एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में शामिल रही है और इसमें एक फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।
वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेत
एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और बैंकॉक के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि जकार्ता में तेजी देखने को मिली। वहीं, अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डॉव जोंस 0.20 फीसदी और नैस्डैक 1.47 फीसदी की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
FII की बिकवाली जारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में 4,205.56 करोड़ रुपये की बिकवाली की। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,986.41 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को सहारा दिया।
