1. Home
  2. राज्य
  3. दिल्ली
  4. दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान, 79 KM की स्पीड से चली हवाएं, कई इलाकों में पड़े ओले
दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान, 79 KM की स्पीड से चली हवाएं, कई इलाकों में पड़े ओले

दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान, 79 KM की स्पीड से चली हवाएं, कई इलाकों में पड़े ओले

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 मई। पिछले कई दिनों से 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर का तापमान झेलने के बाद बुधवार देर शाम दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी व आसपास के इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और ओलों ने लोगों को चौंका दिया। सफदरजंग में 79 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं दर्ज की गईं तो पालम में भी हवाओं की रफ्तार 72 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।

दो घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी करना पड़ा

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के (टर्मिनल-3) पर भी धूलभरी आंधी चली। इसके बाद तेज बारिश भी हुई। आंधी-तूफानके बीच मौसम विभाग को दिल्ली के लिए शाम 7.30 से 9.30 बजे तक रेड अलर्ट जारी करना पड़ा।

दिल्ली मेट्रो रोकी गई

तेज आंधी-बारिश की वजह से तीन मूर्ति मार्ग पर एक बड़ा पेड़ गिर गया जबकि लोधी रोड क्षेत्र में ओले गिरने की पुष्टि हुई। इस खराब मौसम का असर मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली मेट्रो ने कहा, ‘शहर में तेज़ तूफान के चलते मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत मेट्रो की मूवमेंट को नियंत्रित किया गया है।’ कई रूटों पर मेट्रो कुछ देर के लिए रुकी रही या धीमी गति से चलाई गई।

गाजियाबाद व बागपत में भी आंधी के बाद ओलावृष्टि

अचानक पलटे मौसम ने दिल्ली से सटे आसपास के इलाकों में भी अपना बिगड़ा मिजाज दिखाया। इस क्रम में गाजियाबाद में तेज आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। बागपत में भी तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। नोएडा व ग्रेटर नोएडा में भी तेज आंधी चली। कई जगहों से पेड़ गिरने की खबरें हैं, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

तापमान गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

दिल्ली में आंधी-तूफान के कारण तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तामपान 37  डिग्री सेल्सियस से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में भी बिगड़ा मौसम का मिजाज

इस बीच उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अलर्ट के बाद कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। इससे यमुनोत्री और बड़कोट (उत्तरकाशी) के साथ ही बिरोंखल (पौड़ी जिला) के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। यमुनोत्री और बड़कोट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा और कई जगहों पर सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। पौड़ी जिले के बिरोंखाल क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश से ग्रामीण इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ। देहरादून शहर और आसपास के इलाकों में बारिश दर्ज की गई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code