शेयर बाजार में तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 639 अंक उछला, निफ्टी 24100 के करीब
मुंबई, 27 अप्रैल। वैश्विक संकेतों में सुधार के बीच आईटी और फार्मा सेक्टर सहित प्रमुख कम्पनियों में अच्छी खरीदारी के सहारे घरेलू शेयर बाजार में पिछले लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट थमी और कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 639 अंक चढ़कर 77,300 से ऊपर ठहरा तो एनएसई निफ्टी 195 अंकों की बढ़त लेकर फिर 24,100 के करीब पहुंच गया।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा के शेयरों में जोरदार लिवाली आने से मानक सूचकांकों में तेजी देखने को मिली। इसके अलावा ईरान व अमेरिका के बीच तनाव घटने के संकेतों ने भी निवेशकों की धारणा को मजबूती दी। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों का ऊंचे स्तर पर बने रहना बाजार के लिए एक जोखिम कारक बना हुआ है।
सेंसेक्स 0.83% बढ़कर 77,303.63 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 639.42 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछलकर 77,303.63 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 755.83 अंक तक चढ़कर 77,420.04 के स्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के स्टॉक मजबूती लेकर रुके तो सात में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 194.75 अंक बढ़कर 24,092.70 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 194.75 अंक यानी 0.81 प्रतिशत बढ़कर 24,092.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 41 के शेयर लाभ में रहे तो नौ को नुकसान उठाना पड़ा। व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक दो प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.35 प्रतिशत की तेजी पर रहा।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद
बाजार में चौतरफा तेजी के बीच सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। इसकी अगुआई जन केंद्रित सेवाओं ने 2.50 प्रतिशत तेजी के साथ की जबकि स्वास्थ्य देखभाल खंड में 2.43 प्रतिशत और फोकस आईटी खंड में 2.41 प्रतिशत की बढ़त रही।
सन फार्मा का शेयर सर्वाधिक 7.03 प्रतिशत तक उछल गया
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में सन फार्मा का शेयर सर्वाधिक 7.03 प्रतिशत तक उछल गया। सन फार्मा द्वारा अमेरिकी कम्पनी ऑर्गेनॉन के अधिग्रहण के लिए 11.75 अरब डॉलर के सौदे की घोषणा के बाद इसमें तेज खरीदारी देखी गई।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी 2.88 प्रतिशत की तेजी आई।
इसके साथ ही अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 8,827.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 8,827.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.53 प्रतिशत बढ़कर 107.9 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
