1. Home
  2. कारोबार
  3. कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार लुढ़का, सेंसेक्स में 1690 अंकों की गिरावट, निफ्टी 487 अंक टूटा
कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार लुढ़का, सेंसेक्स में 1690 अंकों की गिरावट, निफ्टी 487 अंक टूटा

कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार लुढ़का, सेंसेक्स में 1690 अंकों की गिरावट, निफ्टी 487 अंक टूटा

0
Social Share

मुंबई, 27 मार्च। पश्चिम एशिया में संघर्ष के चलते कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चढ़ी तो वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों में भी दो दिनों की तेजी थम गई और कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। रामनवमी के अवकाश के बाद खुले कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 487 अंकों की गिरावट से 22,900 से नीचे जा फिसला।

सेंसेक्स 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित  मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,690.23 अंक यानी 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,739.04 अंक टूटकर 73,534.41 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयर लाल निशान में रहे और सिर्फ तीन ने मजबूती हासिल की।

निफ्टी 2.09 प्रतिशत गिरकर 22,819.60 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत गिरकर 22,819.60 पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में छह के स्टॉक लाभ में रहे और 44 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सिलेक्ट सूचकांक में 2.12 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक 1.77 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

निवेशकों के 8.89 लाख करोड़ डूबे

चौतरफा बिकवाली के बीच बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार को घटकर 422.12 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 431.01 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार BSE में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये घट गया। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्टॉक में सबसे ज्यादा 4.55 प्रतिशत की गिरावट

सेंसेक्स समूह शामिल कम्पनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्टॉक में सबसे ज्यादा 4.55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। उसके बाद इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटरनल और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी गिरावट आई। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन में बढ़त दर्ज की गई।

रुपया 86 पैसे कमजोर होकर 94.82 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,805.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,429.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। उधर अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.72 प्रतिशत बढ़कर 109.9 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि डॉलर के मुकाबले रुपया 86 पैसे कमजोर होकर 94.82 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code