शेयर बाजार की लड़खड़ाहट जारी, सेंसेक्स 364 अंक टूटा, निफ्टी 127 अंक कमजोर
मुंबई, 23 जुलाई। पश्चिम एशिया में दोबारा उभरे संकट के कारण कच्चे तेल के दाम में उछाल से भारतीय शेयर बाजार की लड़खड़ाहट जारी है और लगातार चौथे दिन दोनों मानक सूचकांक लाल निशान पर रुके। इस क्रम में गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स जहां 364 अंक टूटा वहीं एनएसई निफ्टी में 127 अंक कमजोर हुआ।
सेंसेक्स 363.66 अंकों की गिरावट से 76,391.39 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 363.66 अंक यानी 0.47 प्रतिशत टूटकर 76,391.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 603.07 अंकों की गिरावट से 76,151.98 अंक तक जा फिसला था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के स्टॉक हरे निशान पर रुके और 19 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 126.65 अंक टूटकर 23,869.60 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 126.65 अंक यानी 0.53 प्रतिशत टूटकर 23,869.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर मजबूत रहे 31 में कमजोरी दिखी।
अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा 2.26 फीसदी टूटे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा 2.26 फीसदी टूट गए। बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और टाटा स्टील के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इटर्नल और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में रहे।
एफआईआई ने 819.20 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 819.20 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.52 प्रतिशत बढ़कर 98.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
