मुंबई, 11 सितम्बर। पिछले कारोबारी सत्र में तेजी देखने के बाद घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला और देखते ही देखते यह करीब एक प्रतिशत तक जा लुढ़का था। लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमतों में आई तनिक नरमी और एचडीएफसी बैंक एवं सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में लिवाली आने का असर हुआ कि बाजार निचले स्तर से उबरने में काफी हद तक सफल रहा। फिलहाल दोनों मानक सूचकांक नुकसान के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में जहां 121 अंकों की गिरावट रही वहीं निफ्टी 80 अंक कमजोर हुआ।
सेंसेक्स 120.83 अंकों की कमजोरी से 74,781.76 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 74,781.76 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले 593 अंकों की गिरावट से 74,309.16 पर खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय यह 742.43 अंक यानी 0.99 प्रतिशत तक गिरकर 74,160.16 तक जा लुढ़का था। फिलहाल लगातार दूसरे दिन उतार-चढ़ाव के बीच सूचकांक ने आज के निचले स्तर में 757 अंकों के सुधार से 74,917.15 पर दिन का उच्चस्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर मजबूत हुए तो 19 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 79.70 अंक गिरकर 23,398.10 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 23,398.10 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार की अपेक्षा 207 अंकों की गिरावट से 23,270.30 पर खुला सूचकांक कारोबार के दौरान यह 246.4 अंक यानी 1.04 प्रतिशत तक गिरकर 23,231.40 तक जा गिरा था। लेकिन दिन के निचले स्तर से इसमें 167 अंकों की रिकवरी हुई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 12 के शेयर लाभ में रहे तो 37 में नुकसान हुआ।
टाटा स्टील को सबसे ज्यादा 1.67 फीसदी नुकसान
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से टाटा स्टील के स्टॉक सबसे ज्यादा 1.67 फीसदी नुकसान में रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो और एक्सिस बैंक में प्रमुख रूप से नुकसान देखने को मिला। दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल और इन्फोसिस के शेयर चढ़कर बंद हुए।
ब्रेंड क्रूड में 3.19% की गिरावट, फिर भी 104.20 डॉलर प्रति बैरल
इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.19 प्रतिशत गिरकर 104.2 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके पहले ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था। उधर शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 438.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।


