शुरुआती गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 174 अंक मजबूत, निफ्टी 43 अंक चढ़ा
मुंबई, 17 फरवरी। घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट के बाद उबरने में सफल रहा और बैंक, आईटी व पूंजीगत वस्तुओं से जुड़ी कम्पनियों के शेयरों में लिवाली से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगातार दूसरे दिन हरे निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 174 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 43 अंक मजबूत हुआ।
सेंसेक्स 83,450.96 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 83,598 अंक पर दिन का उच्चस्तर देखा जबकि नीचे में 82,987.43 अंक तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर लाभ में रहे जबकि 13 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयर मजबूत रहे और 23 में कमजोरी रही। व्यापक बाजार में भी मजबूती दिखी। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.49 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.26 प्रतिशत के लाभ में रहा।
आईटीसी के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईटीसी के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी चढ़े। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि., लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, भारतीय स्टेट बैंक और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी ओर नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, टाटा स्टील, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और हिन्दुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
एफआईआई ने 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,666.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.79 प्रतिशत टूटकर 68.13 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
