शुरुआती गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 505 अंक चढ़ा, निफ्टी 24350 के निकट
मुंबई, 17 अप्रैल। अमेरिका-ईरान के बाद इजराइल-लेबनान के बीच भी 10 दिनों के युद्धविराम से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेतों और विदेशी निवेशकों की ताजा लिवाली का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा, जो कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को शुरुआती गिरावट से उबरने में सफल रहा। इस क्रम में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में 505 अंकों की मजबूती दर्ज की गई जबकि एनएसई निफ्टी 157 अंकों की बढ़त से 24,350 के करीब जा पहुंचा।
सेंसेक्स 0.65 प्रतिशत उछलकर 78,493.54 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत उछलकर 78,493.54 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार के मुकाबले 14 अंकों की मामूली गिरावट के साथ खुला सूचकांक 77,726.23 अंक तक जा गिरा था, लेकिन जल्द ही उसने वापसी की और 827.22 की छलांग से 78,553.45 अंक पर दिन के सर्वोच्च अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर सकारात्मक रहे और छह में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 156.80 अंक बढ़कर 24,353.55 पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 24,353.55 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ने कारोबार के दौरान 24,096.05 अंक पर दिन का निचला और 24,371.90 अंक पर उच्चस्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के स्टॉक मजबूत रहे और 11 में कमजोरी दिखी।
हिन्दुस्तान यूनिलीवर के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.75 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.75 फीसदी चढ़े। पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुझान देखा गया।
एफआईआई ने 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.07 प्रतिशत गिरकर 96.34 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे बाजार की धारणा को समर्थन मिला।
