1. Home
  2. कारोबार
  3. IT सेक्टर के सहारे शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 510 अंक चढ़ा, निफ्टी 23000 के पार
IT सेक्टर के सहारे शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 510 अंक चढ़ा, निफ्टी 23000 के पार

IT सेक्टर के सहारे शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 510 अंक चढ़ा, निफ्टी 23000 के पार

0
Social Share

मुंबई, 7 अप्रैल। कच्चे तेल के दाम में नरमी व अनुकूल वैश्विक संकेतों से निवेशकों की मजबूत हुई धारणा के बीच घरेलू शेयर बाजार ने लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी देखी और मंगलवार को आईटी सेक्टर में लिवाली से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स न सिर्फ शुरुआती गिरावट से उबरने में सफल रहे वरन अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 510 अंक तक चढ़ गया वहीं एनएसई निफ्टी 155 अंकों की तेजी से 23,000 अंक के पार चला गया।

सेंसेक्स 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 509.73 अंक यानी 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह ऊंचे में 74,686.32 अंक तक उछला और नीचे में 73,282.41 अंक तक गिरा। यानी दिनभर के कारोबार में सूचकांक ने 1,403.91 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के स्टॉक मजबूत रहे और 10 में कमजोरी रही।

निफ्टी 155.40 अंक चढ़कर 23,123.65 अंक पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 155.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत चढ़कर 23,123.65 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ने कारोबार के दौरान 22,153.85 का हाई और 22,719.30 का लो बनाया। यानी सूचकाक ने कुल 434.55 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के शेयर हरे निशान पर ठहरे और 13 में गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों को 1.72 लाख करोड़ रुपये का फायदा

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन मंगलवार को बढ़कर 429.23 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 427.51 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह मार्केट कैप करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.77 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.77 फीसदी चढ़े। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन शामिल हैं।

एफआईआई ने 8,167.17 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 8,167.17 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 8,088.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 109 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code