उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार की मजबूत बढ़त पर अंकुश, सेंसेक्स 78000 के पार जाकर लौटा, निफ्टी 95 अंक चढ़ा
मुंबई, 3 जुलाई। अमेरिका के रोजगार आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने के बीच आईटी, फार्मा, रियल्टी व स्वास्थ्य सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार तीसरा कारोबारी सत्र अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मध्याह्न बाद आईटी सहित चुनिंदा सेक्टरों में मुनाफावसूली से बाजार की मजबूत बढ़त पर अंकुश भी लगा। अंततः बीएसई सेंसेक्स जहां 262 अंक चढ़ा वहीं एनएसई निफ्टी 95 अंकों की बढ़त पर रुका।
सेंसेक्स 261.79 अंक चढ़कर 77,763.91 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 261.79 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 77,763.91 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक पिछले सत्र के मुकाबले 655 अंक से ज्यादा चढ़कर जल्द ही 78,000 का स्तर पार करते हुए 78,157.52 तक जा पहुंचा था। लेकिन मध्याह्न बाद मुनाफावसूली से इसमें लगातार कमजोरी दिखी। सेंसेंक्स से संबद्ध कम्पनियों में 16 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 13 में कमजोर रही।
निफ्टी 0.39 प्रतिशत बढ़कर 24,270.85 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 95.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत बढ़कर 24,270.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी पिछले सत्र के मुकाबले 200 अंकों से ज्यादा उछलकर 24,378.15 के हाई तक गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 31 के स्टॉक मजबूत रहे और 19 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मिलाजुला रुख
बेंचमार्क इंडेक्स के विपरीत व्यापक बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.13 फीसदी गिर गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो आईटी, फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य सेक्टरों में अच्छी लिवाली देखी गई वहीं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की कम्पनियों में बिकवाली का जोर रहा।
एचसीएल टेक के स्टॉक में सर्वाधिक 5.79 प्रतिशत की तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक के स्टॉक में सर्वाधिक 5.79 प्रतिशत की तेजी रही जबकि टेक महिंद्रा 1.81 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा भारती एयरटेल, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और आईसीआईसीआई बैंक भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 311.82 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 311.82 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत बढ़कर 71.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
