मुंबई, 8 सितम्बर। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 555 अंक टूटने के साथ जहां 25,500 के करीब जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी 144 अंकों की कमजोरी लेकर रुका।
वस्तुतः अमेरिका व ईरान के बीच तनाव बने रहने के कारण कच्चे तेल के दाम में लगातार तेजी से निवेशकों की धारणा नकारात्मक बनी हुई है। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली से भी बाजार पर दबाव बढ़ा।
सेंसेक्स 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 555.23 अंक यानी 0.73 प्रतिशत टूटकर 75,577.58 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के शेयर लाल निशान पर रुके तो नौ में मजबूती रही।
निफ्टी 0.61 प्रतिशत की गिरावट से 23,635.10 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 144.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर लाभ में रहे तो 31 में कमजोरी दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.79 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कम्पनियों से जुड़ा स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ लगभग स्थिर रहा।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो बीमा सूचकांक 1.05 प्रतिशत, टॉप-10 बैंक 0.97 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक 0.88 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.80 प्रतिशत, तेल एवं गैस 0.64 प्रतिशत, बैंकएक्स 0.63 प्रतिशत और ऊर्जा सूचकांक में 0.48 प्रतिशत की गिरावट रही।
आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक सर्वाधिक 2.00% नुकसान में रहे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक सर्वाधिक 2.00 फीसदी नुकसान में रहे। एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी ओर लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और इंटरग्लोब एविएशन शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड 1.45% बढ़कर 98.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत बढ़कर 98.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।


