1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार की गिरावट थमी, सेंसेक्स 650 अंक मजबूत, निफ्टी 25700 के निकट
शेयर बाजार की गिरावट थमी, सेंसेक्स 650 अंक मजबूत, निफ्टी 25700 के निकट

शेयर बाजार की गिरावट थमी, सेंसेक्स 650 अंक मजबूत, निफ्टी 25700 के निकट

0
Social Share

मुंबई, 16 फरवरी। भारतीय शेयर बाजार में जारी गिरावट सोमवार को थमी और नकारात्मक शुरुआत के बाद पॉवर, बैंक व वित्तीय शेयरों में लिवाली से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 650 अंकों के लाभ से जहां 83 हजार के पार पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 212 अंकों की मजबूती से 25,700 के करीब जाकर ठहरा।

सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत चढ़कर 83,277.15 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट से उबरते हुए 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत चढ़कर 83,277.15 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक हालांकि पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 146.36 अंक गिरकर 82,480.40 के स्तर पर खुला था और इसने 82,276.95 का निचला स्तर भी देखा। लेकिन दिन के निचले स्तर से 1000.20 अंकों की उछाल लेकर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए और नौ में कमजोरी रही।

निफ्टी 211.65 अंक बढ़कर 25,682.75 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 25,682.75 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के स्टॉक लाभ में रहे जबकि 13 में गिरावट दर्ज की गई।

पावरग्रिड सबसे अधिक 4.45 फीसदी के लाभ में रहा

सेंसेक्स में शामिल कम्पनियों में पावरग्रिड सबसे अधिक 4.45 फीसदी के लाभ में रहा। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईटीसी, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक में प्रमुख रूप से तेजी रही।

दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

एफआईआई ने 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5,553.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत टूटकर 67.59 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code