बैंक शेयरों की अगुआई में थमी शेयर बाजार की गिरावट, सेंसेक्स 333 अंक चढ़ा, निफ्टी 99 अंक मजबूत

मुंबई, 16 सितम्बर। भारतीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट बुधवार को थमी और काफी उतार-चढ़ाव के बीच बैंक शेयरों की अगुवाई में कुछ प्रमुख कम्पनियों के शेयरों में लिवाली से दोनों मानक सूचकांक बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 333 जहां अंक चढ़ा वहीं एनएसई निफ्टी ने 99 अंकों की मजबूती हासिल की।

सेंसेक्स 332.63 अंक चढ़कर 74,336.45 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 332.63 अंक यानी 0.45 प्रतिशत चढ़कर 74,336.45 अंक पर बंद हुआ। उतार-चढ़ाव से भरपूर कारोबार के दौरान यह एक समय 502.04 अंकों की तेजी के साथ 74,505.86 तक पहुंच गया था। हालांकि इसने दिन के उच्चस्तर से पहले घंटे में ही 524 अंकों की गिरावट लेकर 73,981.33 पर दिन का निचला स्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर मजबूत हुए तो 12 में कमजोरी रही।

निफ्टी 99 अंकों की बढ़त से 23,217.60 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 99 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,217.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 30 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 19 में कमजोरी रही।

आईटीसी का शेयर सर्वाधिक 2.46 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईटीसी का शेयर सर्वाधिक 2.46 फीसदी चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व शामिल रहे।

एफआईआई ने 2,977.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,977.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.83 प्रतिशत की गिरावट से 107.8 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

उल्लेखनीय है कि सेंसेक्स मंगलवार को 777.94 अंक टूटकर तीन माह के निचले स्तर 74,003.82 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 279.50 अंकों की गिरावट के साथ 23,118.60 अंक पर बंद हुआ था, जो पांच माह (छह अप्रैल के बाद) का सबसे निचला बंद स्तर था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular