1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. यूपी : दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद निधन, संजय गांधी PGI में ली अंतिम सांस
यूपी : दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद निधन, संजय गांधी PGI में ली अंतिम सांस

यूपी : दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद निधन, संजय गांधी PGI में ली अंतिम सांस

0
Social Share

सोनभद्र, 8 जनवरी। उत्तर प्रदेश के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक व वरिष्ठ आदिवासी नेता विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। सपा नेता अवध नारायण यादव ने विजय सिंह गोंड के निधन की पुष्टि की।

आठ बार से विधायक रहे गोंड लंबे समय से बीमार थे और लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज रहा था। इधर बीच उनकी दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया था। अवध नारायण यादव ने कहा, ‘विजय सिंह गोंड लंबे समय से बीमार थे और लखनऊ में उपचाराधीन थे। उनका निधन क्षेत्र और आदिवासी समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है।’

विजय गोंड 2024 के उपचुनाव में दुद्धी से सपा उम्मीदवार के रूप में उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए थे। यह उपचुनाव तत्कालीन भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को एक नाबालिग से बलात्कार के मामले में 25 वर्षों की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद हुआ था।

कांग्रेस के टिकट पर 1980 में पहली बार चुने गए थे विधायक

वर्ष 1980 में अपने राजनीतिक करिअर की शुरुआत करते हुए, गोंड पहली बार दुद्धी से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने 1985 में कांग्रेस टिकट पर, 1989 में निर्दलीय के रूप में और बाद में 1991 और 1993 में जनता दल के विधायक के तौर पर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की। उन्होंने 1996 और 2002 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान, उनके पास राज्य मंत्री का दर्जा था।

प्रमुख आदिवासी नेता के रूप में व्यापक लोकप्रियता थी

अपने लंबे राजनीतिक करिअर के बावजूद गोंड को भाजपा की मजबूत चुनावी लहर के बीच 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। जिला और राज्य दोनों स्तरों पर एक प्रमुख आदिवासी नेता के रूप में व्यापक रूप से माने जाने वाले गोंड आदिवासी समुदायों के कल्याण और अधिकारों से संबंधित मुद्दों को लगातार उठाने के लिए जाने जाते थे।

विजय गोड़ को क्षेत्र के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव वाले जमीनी नेता के रूप में भी देखा जाता था। यादव ने कहा कि गोंड का पार्थिव शरीर आज ही शाम तक दुद्धी लाए जाने की उम्मीद है और अंतिम संस्कार दुद्धी में कंधार नदी के किनारे किया जाएगा। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गोंड के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code