लोकसभा चुनाव : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कन्नौज से दाखिल किया नामांकन

लखनऊ, 25 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कन्नौज लोकसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव भी मौजूद थे।

सपा ने इससे पहले मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को कन्नौज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं की जिद के आगे अखिलेश को झुकना पड़ा और उन्होंने तेज प्रताप की जगह खुद को उम्मीदवार घोषित किया।

सोशल मीडिया पर शेयर की 24 वर्ष पुरानी फोटो

नामांकन के पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्‍स पर एक फोटो शेयर की है। उसपर लिखा कि फिर इतिहास दोहराया जाएगा, अब नया भविष्य बनाया जाएगा। इस पर रीट्वीट करते हुए अखिलेश के चाचा शिवपाल ने लिखा है कि विजय भव: सर्वदा। बताया जा रहा है कि यह फोटो सन् 2000 के नामांकन की है।

कन्नौज से पूर्व में 3 बार सांसद रह चुके हैं अखिलेश

गौरतलब है अखिलेश यादव 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गये थे। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल निर्विरोध चुनी गई थीं।

वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गई थीं। अखिलेश वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उप्र विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिए नामांकन आज से ही शुरू हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular