1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : SIT आज सीएम योगी को सौंप सकती है शुरुआती रिपोर्ट, 7 पेन ड्राइव में सबूत
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : SIT आज सीएम योगी को सौंप सकती है शुरुआती रिपोर्ट, 7 पेन ड्राइव में सबूत

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : SIT आज सीएम योगी को सौंप सकती है शुरुआती रिपोर्ट, 7 पेन ड्राइव में सबूत

0
Social Share

अयोध्या/लखनऊ, 21 जून। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुरुआती रिपोर्ट सौंप सकती है। रविवार शाम टीम राजधानी लखनऊ में सीएम योगी से मिलने पहुंची थी, लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों  में उनकी व्यस्तता के चलते मुलाकात नहीं हो सकी।

चंपत राय समेत 150 को अयोध्या न छोड़ने की चेतावनी

सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने 7 पेन ड्राइव में डेटा सुरक्षित किया है। शुरुआती छह दिनों की जांच में 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इनमें से 25 लोगों पर काररवाई के आसार हैं। जिन लोगों से SIT पूछताछ कर चुकी है, उन्हें अगले आदेश तक कहीं बाहर न जाने की चेतावनी दी गई है। इनमें श्री राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा भी शामिल हैं।

SIT ने राम मंदिर में दबदबा रखने वाले और चंपत राय के ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू से लगभग हर दिन पूछताछ की। टीम ने उसके करीबियों, रिश्तेदारों और उनकी संपत्तियों की भी जानकारी हासिल की है।

इन छह दिनों में टीम ने कई जरूरी दस्तावेज जैसे – सीसीटीवी फुटेज, चढ़ावे के संबंध में गहरी जानकारी, चढ़ावा की गिनती करने का तरीका, बैंक में पैसा ले जाने का तरीका सहित एक-एक बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की। छठे दिन शनिवार को टीम ने सभी आरोपितों और संदिग्धों के बैंक खातों की जानकारी हासिल की। इसी क्रम में जांच टीम राम मंदिर में कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच-पड़ताल व पूछताछ के बाद टीम सारे सबूत अपने साथ लेकर लखनऊ गई।

2021 तक के रिकॉर्ड खंगाले

SIT ने मंदिर के दानपात्रों की धनराशि के उपयोग, अनावश्यक खर्चों और भूमि खरीद से जुड़े मामलों की भी जांच की। 2021 तक के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले। बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा पर काररवाई लगभग तय है। दोनों को उनके पदों से हटाया जा सकता है। इसके अलावा, मंदिर के निर्माण प्रभारी गोपाल राव को भी पद से हटाया जा सकता है।

अब तक 2 करोड़ की बरामदगी

सूत्रों का यह भी कहना है कि चढ़ावा चोरी मामले में पांच लोगों – लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू की निशानदेही पर अब तक दो करोड़ रुपये की रिकवरी की गई है। ये सभी मंदिर में दान राशि की गिनती की ड्यूटी से जुड़े थे। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी टिन्नू के घर से 13 जून को सोना मिला था। हालांकि, सोना कितना है, यह अभी पुष्ट नहीं है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code