1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. एशियाई पैरा खेल : शीतल देवी व राकेश कुमार ने मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी के जरिए देश को दिलाया 18वां स्वर्ण
एशियाई पैरा खेल : शीतल देवी व राकेश कुमार ने मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी के जरिए देश को दिलाया 18वां स्वर्ण

एशियाई पैरा खेल : शीतल देवी व राकेश कुमार ने मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी के जरिए देश को दिलाया 18वां स्वर्ण

0
Social Share

हांगझू, 26 अक्टूबर। भारतीय खिलाड़ियों ने यहां चतुर्थ एशियाई पैरा खेलों में पांचवें दिन भी अब पदक बटोरो अभियान जारी रखा। इस क्रम में शीतल देवी और राकेश कुमार ने मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा के जरिए 18वें स्वर्ण पदक पर भारत का नाम लिखाने के साथ दिन का समापन किया।

भारत ने दिन में 72 पदकों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा था

इसके पूर्व भारतीय दल ने दिन में 73वें पदक के साथ एशियाई पैरा खेलों में सर्वाधिक पदकों का अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया था। नित्याश्री ने पैरा बैडमिंटन की महिला एकल एसएच6 स्पर्धा में कांस्य के रूप में भारत के लिए 73वां पदक जीता। भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जकार्ता में था, जब उसने पिछले पैरा एशियाई खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 33 कांस्य पदक सहित 72 पदक जीते थे।

इसी माह एशियाई खेलों में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर चुके हैं भारतीय खिलाड़ी

दिलचस्प है कि इसी माह की शुरुआत में हांगझू में ही संपन्न 19वें एशियाई खेलों में भी भारतीय दल ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। ‘इस बार सौ पार’ का लक्ष्य लेकर उतरे भारत के 655 सदस्यीय दल ने 28 स्वर्ण, 38 रजत व 41 कांस्य सहित 107 पदकों के साथ अपने शानदार अभियान का समापन किया था। एशियाई खेलों में भारतीय पदकों की संख्या पहली बार 100 के पार पहुंची थी।

भारत 18 स्वर्ण सहित 81 पदकों के साथ सातवें स्थान पर

इस बीच गुरुवार को भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, तीन रजत व 11 कांस्य सहित कुल 17 पदक जीते और अब भारत कुल 18 स्वर्ण, 23 रजत और 40 कांस्य सहित 81 पदकों के साथ पदक तालिका में सातवें स्थान पर है। चीन 384 पदक लेकर शीर्ष पर है। ईरान, जापान, कोरिया, उज्बेकिस्तान व थाईलैंड क्रमशः दूसरे से छठे स्थान पर हैं।

शूटर सिद्धार्थ बाबू ने स्वर्ण के साथ पाया पेरिस2024 पैरालिम्पिक्स कोटा

भारत की ओर से दिन के स्वर्ण पदक विजेताओं की बात करें तो शीतल देवी व राकेश कुमार ने जहां मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में बाजी मारी वहीं सिद्धार्थ बाबू ने आर6-मिक्स्ड 50 मीटर राइफल प्रोन – एसएच1 स्पर्धा में श्रेष्ठता सिद्ध की। उन्होंने 247.7 अंकों के साथ एशियाई पैरा खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया। इसके साथ ही सिद्धार्थ ने भारत के लिए पेरिस2024 पैरालिम्पिक्स कोटा भी हासिल कर लिया।

पुरुषों की गोला प्रक्षेप एफ46 स्पर्धा स्वर्ण सहित दो पदक

उधर पुरुषों की गोला प्रक्षेप एफ46 स्पर्धा में भारत के हिस्से स्वर्ण सहित दो पदक आए। सचिन सर्जेराव खिलाड़ी ने 16.03 मीटर के थ्रो से खेलों का रिकॉर्ड बनाया तो रोहित कुमार ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप (14.56 मीटर) के साथ कांस्य पदक जीता।

मोनू, सिमरन व भाग्यश्री ने जीते रजत पदक

इस बीच मोनू घंगास ने इस बार के खेलों में अपना दूसरा पदक जीता। उन्होंने पुरुषों की चक्का प्रक्षेप – एफ11 स्पर्धा में 37.87 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप किया और रजत पदक जीता।

महिलाओं की 200 मीटर – टी12 स्पर्धा में सिमरन को रजत पदक मिला। उन्होंने 26.12 सेकेंड में अपनी दौड़ पूरी की। इसके पूर्व भाग्यश्री माधवराव जाधव ने महिलाओं की गोला प्रक्षेप-F34 में 7.54 मीटर के प्रक्षेप से भारत को दिन का पहला रजत पदक दिलाया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code