बंगाल में चुनाव बाद जारी हिंसा में पुलिसकर्मियों समेत कई घायल, अब तक 80 आरोपित गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

कोलकाता, 6 मई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसा व तोड़फोड़ की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इन हिंसक घटनाओं में कुछ पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं। इसी क्रम में टीएमसी सरकार में मंत्री अरूप बिस्वास के टॉलीगंज स्थित ऑफिस में अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ की।

मंत्री अरूप बिस्वास के टॉलीगंज स्थित ऑफिस में बदमाशों ने की तोड़फोड़

इस बीच चुनाव आयोग ने हिंसा में शामिल आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार के अनुसार 80 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और हथियार भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल कई इलाकों में माहौल गर्म है।

बशीराहत में दो पुलिसकर्मियों को गोली लगी

उधर नॉर्थ 24 परगना के बशीरहाट सबडिवीजन में मौजूद नाजत में दो पुलिसकर्मियों को गोली लगने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाजत पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज (OC) भरत प्रसून कर और एक कॉन्स्टेबल को स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के राजबाड़ी इलाके में दो समूहों के बीच झड़प को शांत करने की कोशिश करते समय गोली लगी। इलाज के लिए उन्हें चितरंजन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

बशीरहाट के पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया है। सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मियों के अलावा कई और लोगों को गोली लगने की आशंका है। हालांकि, इस बारे में कोई पक्की जानकारी या आधिकारिक बयान नहीं आया है।

स्मरण रहे कि दो चरणों में हुए चुनाव खत्म होने के बाद सोमवार को चुनाव के नतीजे घोषित किए गए। उसके बाद से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अशांति की छिटपुट घटनाएं सामने आई। दो आम नागरिकों की मौत की खबरें भी हैं। इनमें न्यूटाउन में एक भाजपा कार्यकर्ता की जान चली गई जबकि बेलियाघाटा में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत हो गई।

राज्यभर में टीएमसी कार्यालयों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की घटनाएं

इसके अलावा राज्यभर में उत्तर से लेकर दक्षिण तक तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की कई घटनाएं सामने आई हैं। बीरभूम जैसे जिलों में भी झड़प की कई घटनाएं सामने आई हैं। यह इलाका पहले से तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है।

80 लोगों को गिरफ्तार किया गया : कोलकाता पुलिस कमिश्नर

कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने कहा, ‘चुनाव शांति से हुए हैं। हिंसा या धमकी की कोई घटना नहीं हुई है, और लोगों ने आजादी और निष्पक्ष रूप से वोट दिया है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि उस दिन जैसा माहौल था, वैसा ही रहेगा। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही रहेगा। मैं सभी से अपील करता हूं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखें। अफवाहों पर ध्यान न दें, यदि कोई दिक्कत हो तो पुलिस से संपर्क करें। कोलकाता में अर्धसैनिक बल तैनात हैं। जुलूस के लिए पुलिस से परमिशन लेनी होगी। हमने 80 लोगों को गिरफ्तार किया है और हथियार भी बरामद किए हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular