1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी कैबिनेट का विस्तार : जितिन प्रसाद सहित 7 नए चेहरे योगी मंत्रिमंडल में शामिल
यूपी कैबिनेट का विस्तार : जितिन प्रसाद सहित 7 नए चेहरे योगी मंत्रिमंडल में शामिल

यूपी कैबिनेट का विस्तार : जितिन प्रसाद सहित 7 नए चेहरे योगी मंत्रिमंडल में शामिल

0
Social Share

लखनऊ, 26 सितम्बर। देश में रविवार को दो-दो राज्य सरकारों के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। पहले कांग्रेस शासित पंजाब की बारी थी, जहां इसी हफ्ते मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले चरणजीत सिंह चन्नी ने अपनी कैबिनेट में 15 मंत्रियों को शामिल किया। उसके बाद इधर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में जितिन प्रसाद सहित सात नए चेहरों को पहली बार मंत्री बनाया गया।

गृहराज्य गुजरात के दौरे से ही आज ही दोपहर बाद लौटीं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजभवन में आयोजित समारोह में एक कैबिनेट और छह राज्य मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले यह मौजूदा योगी सरकार का अंतिम कैबिनेट विस्तार माना जा रहा है।

एक कैबिनेट और छह राज्य मंत्रियों ने ली शपथ

योगी कैबिनेट के विस्तार में एक कैबिनेट और छह राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। जिन चेहरों को जगह मिली है, उनमें जितिन प्रसाद कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं जबकि डॉ. संगीता बलवंत बिंद, छत्रपाल गंगवार, पलटू राम, दिनेश खटीक, संजीव कुमार और धर्मवीर प्रजापति राज्य मंत्री होंगे।

कैबिनेट विस्तार से पहले सीएम योगी बोले – न भ्रष्टाचार करेंगे, न करने देंगे

मुख्यमंत्री योगी ने कैबिनेट विस्तार से पहले एक संदेशवाहक ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा – ‘न भ्रष्टाचार करेंगे, न ही किसी को करने देंगे। सरकार की नीयत और नीति दोनों साफ है।’

सीएम योगी ने बाद में अन्य ट्वीट में कैबिनेट के नए साथियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट मेें लिखा, ‘उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल हुए सभी नए सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपकी ऊर्जा, प्रतिबद्धता, अनुभव एवं जन पक्षधरता ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने में सहयोगी सिद्ध होगी। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत मंगलकामनाएं।’

जितिन प्रसाद ने सबसे पहले ली मंत्री पद की शपथ

पार्टी के ब्राह्मण चेहरे के रूप में लोकप्रिय नेता जितिन प्रसाद ने सबसे पहले शपथ ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिवंगत जितेंद्र प्रसाद के पुत्र व शाहजहांपुर निवासी जितिन प्रसाद यूपीए सरकार में मंत्री रहे हैं और कुछ माह पूर्व कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए, तभी से उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के कयास लगाए जा रहे थे।

जितिन के बाद बरेली के छत्रपाल गंगवार ने शपथ ली। गंगवार दूसरी बार वर्ष 2017 में चुनाव जीते हैं। वह भाजपा के जिला मंत्री भी रहे हैं। शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों में बलरामपुर के पलटू राम अनुसूचित जाति के नेता हैं। पहली बार विधायक चुने गए हैं।

नए चेहरों में एकमात्र महिला मंत्री संगीता बलवंत बिंद

नए चेहरों में एकमात्र महिला सदस्य डॉ. संगीता बलवंत बिंद गाजीपुर से विधायक हैं और मल्लाह बिरादरी से ताल्लुक रखती हैं। संजीव कुमार सोनभद्र के हैं और अनुसूचित जनजाति के हैं। दिनेश खटीक मेरठ के हस्तिनापुर से विधायक हैं पार्टी के अनुसूचित जाति का चेहरा हैं जबकि आगरा के धर्मवीर प्रजापति ब्रज क्षेत्र से आते हैं और भाजपा एमएलसी हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code