वरिष्ठ पत्रकार व IFWJ अध्यक्ष डॉ विक्रम राव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
लखनऊ, 13 मई। देश के ख्यातिनाम वरिष्ठ पत्रकार और इंडियन फेडरेशन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के.विक्रम राव का मंगलवार को यहां भैंसाकुंड पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। सांस की तकलीफ से पीड़ित डॉ. राव का 87 वर्ष की उम्र में सोमवार को निधन हुआ था।

बैकुण्ठ धाम पर डॉ. राव की अंत्येष्टि के वक्त बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सहित बड़ी संख्या में राजनेता, अधिकारी और पत्रकार मौजूद थे। पार्थिव शरीर को बड़े बेटे सुदेव राव ने मुखाग्नि दी। इसके पूर्व उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टुकड़ी ने गॉर्ड आफ ऑनर दिया।
इससे पूर्व डॉ. राव के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए यू.पी. प्रेस क्लब में रखा गया, जहां उनकी पत्नी डॉ. सुधा राव, बेटी विनीता राव और छोटे बेटे विश्वदेव राव तथा बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे। यू.पी. वर्किंग जनर्लिस्ट्स यूनियन के अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, लखनऊ मण्डल अध्यक्ष शिव शरण सिंह और यू.पी. प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवींद्र कुमार सिंह ने पत्रकार संगठनों की ओर से श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सीएम योगी सहित वरिष्ठ नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व राज्यपाल राम नाइक, यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
डॉ. के विक्रम राव के पत्रकारिता जीवन की बात करें तो वह टाइम ऑफ इंडिया के नौ प्रदेशों में ब्यूरो प्रमुख रहे। उन्होंने वॉइस ऑफ अमेरिका के दक्षिण एशिया ब्यूरो में भी 15 वर्षों तक सेवाएं दीं और कई पुस्तकें भी लिखी।
भारतीय प्रेस कॉउंसिल के छह वर्ष तक सदस्य रहे
डॉ. राव भारतीय प्रेस कॉउंसिल के छह वर्ष तक सदस्य रहे। आपातकाल में 13 माह तक देश की पांच जेलों में रहे। उन्होंने सभी छह महाद्वीपों के 51 देशों में आयोजित विभिन्न गोष्ठियों में भाग लिया। उनके नेतृत्व में 1145 आंचलिक पत्रकारों ने विभिन्न देशों में पत्रकारिता का प्रशिक्षण लिया और गोष्ठियों में प्रतिनिधित्व किया। इनमें उत्तर प्रदेश के 92 पत्रकार शामिल हैं।
