सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब : महाकाल से काशी तक गूंजा हर-हर महादेव

उज्जैन/वाराणसी, 24 अगस्त। सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों और ज्योतिर्लिंगों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम समेत देश के प्रमुख शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में विशेष पूजा, अभिषेक और आरती का आयोजन किया गया।

महाकालेश्वर में तड़के हुई भस्म आरती

उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर ब्रह्ममुहूर्त में बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान भगवान शिव का दूध, दही, पंचामृत और भस्म से विशेष शृंगार किया गया। भस्म आरती के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ नजर आई। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, दोपहर 3 बजे बाबा महाकाल की भव्य सवारी निकाली जाएगी। सवारी के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

काशी विश्वनाथ में मंगला आरती के साथ अंतिम सोमवार की शुरुआत

वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी सावन के अंतिम सोमवार पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। तड़के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ की विशेष मंगला आरती संपन्न हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कतारों में लगे रहे। भक्त गंगाजल और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए सुबह से ही मंदिर पहुंचते रहे।

20 दिन में 55.69 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, सावन के दौरान अब तक 55.69 लाख से अधिक श्रद्धालु काशी विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। अंतिम सोमवार को भी श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा देखने को मिला। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार, अंतिम सोमवार की सुबह 5 बजे तक ही 60 हजार से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक और दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए विशेष पुलिस बल की तैनाती के साथ कतार प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।

सोमनाथ से बैद्यनाथ धाम तक शिवालयों में उमड़ी भीड़

सावन के अंतिम सोमवार पर गुजरात के सोमनाथ, मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर, झारखंड के बैद्यनाथ धाम और उत्तर प्रदेश के एटा स्थित ऐतिहासिक कैलाश मंदिर समेत देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु भोर से ही मंदिरों में पहुंचकर गंगाजल, दूध और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। प्रमुख शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिरों में दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular