सफदरजंग अस्पताल ने जारी की सोनम वांगचुक की पहली हेल्थ बुलेटिन – दवाएं लेने से किया इनकार

नई दिल्ली, 18 जुलाई। जाने माने शिक्षा सुधारक व पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर सफदरजंग अस्पताल ने शनिवार को दोपहर बाद पहली हेल्थ बुलेटिन जारी की है। अस्पताल के अनुसार उन्हें आज ही सुबह 7.40 बजे दिल्ली पुलिस ने वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, हालांकि उनमें डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) के लक्षण पाए गए हैं।

बेहोशी आने का कोई इतिहास नहीं : अस्पताल

अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से ठोस भोजन का सेवन नहीं कर रहे थे। उन्हें सामान्य कमजोरी की शिकायत थी, लेकिन बेहोशी आने का कोई इतिहास नहीं था। भर्ती के समय वह पूरी तरह सचेत थे। उनकी नाड़ी, रक्तचाप और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य पाए गए। जांच में डिहाइड्रेशन के साथ सीरम पोटैशियम का स्तर कम मिला। ब्लड शुगर 78 mg/dL दर्ज की गई।

IV फ्लूइड और दवाएं लेने से किया इनकार

हेल्थ बुलेटिन में यह भी जानकारी दी गई कि रक्त गैस जांच में कम्पेन्सेटेड एसिडोसिस के संकेत मिले। वहीं, भर्ती के समय यूरिन कीटोन 1+ था, जो दोपहर तक बढ़कर 3+ हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड, ओरल रिहाइड्रेशन फ्लूइड और अन्य दवाएं लेने की सलाह दी। फिलहाल उन्होंने सभी प्रकार के उपचार लेने से इनकार कर दिया है। अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें इलाज स्वीकार करने के लिए परामर्श दे रही है।

वांगचुक की पत्नी गीतांजलि की उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करने की मांग, उठाए कई सवाल

इस बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति को अस्पताल से तत्काल डिस्चार्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल भी उठाए हैं। गीतांजलि ने एक्स पोस्ट में कहा, ‘सफदरजंग अस्पताल की रिपोर्ट में कहा गया है कि सोनम वांगचुक का पोटैशियम लेवल 2.9 है, जबकि कल ही यह 4.3 था। वो न तो हमें किसी दूसरी लैब में ले जाकर दूसरी राय लेने की इजाजत दे रहे हैं और न ही हमारी मौजूदगी में उनका ब्लड सैंपल दे रहे हैं, जिसे हम कहीं और जांच करवा सकें।’

उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले तीन घंटे से इंतज़ार कर रही हूं, लेकिन उन्होंने अब तक हमारी बात नहीं मानी है। पारदर्शिता की इस कमी से हमें शक हो रहा है। हमने तुरंत डिस्चार्ज करने के लिए कहा है ताकि हम उन्हें ऐसे अस्पताल ले जा सकें, जहां हमें बेहतर भरोसा हो।’ उन्होंने कहा कि वह पिछले दो घंटे से अस्पताल के जवाब का इंतजार कर रही हैं।

धरनास्थल से अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले राष्ट्रीय राजधानी के जंतर मंतर पर जारी आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे थे। अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई।

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान धरनास्थल पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी काररवाई शांतिपूर्वक पूरी की।

RELATED ARTICLES

Most Popular