1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. रूस का दावा – युद्ध के तीसरे दिन रूसी सेना का यूक्रेन के मेलिटोपोल सिटी पर पूर्ण नियंत्रण, लगभग 200 लोग मारे जा चुके  
रूस का दावा – युद्ध के तीसरे दिन रूसी सेना का यूक्रेन के मेलिटोपोल सिटी पर पूर्ण नियंत्रण, लगभग 200 लोग मारे जा चुके   

रूस का दावा – युद्ध के तीसरे दिन रूसी सेना का यूक्रेन के मेलिटोपोल सिटी पर पूर्ण नियंत्रण, लगभग 200 लोग मारे जा चुके  

0
Social Share

मॉस्को, 26 फरवरी। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया युद्ध के तीसरे दिन उनके सशस्त्र बलों ने यूक्रेन के शहर मेलिटोपोल पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि रूस ने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर रातभर हवाई और शिप-बेस्ड क्रूज मिसाइलों से हमले किए। हमलों के क्रम में ही अब तक लगभग 200 यूक्रेनियाई मारे जा चुके हैं।

कीव हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्लांट पर भी रूसी सेना का कब्जा

सैकड़ों सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा करने के साथ रूसी रक्षा मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि रूसी सैनिक यूक्रेनी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यूक्रेनी विशेष सेवाओं और राष्ट्रवादियों द्वारा उकसावे को खारिज करने के सभी उपाय कर रहे हैं। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार रूसी सेना ने कीव हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्लांट पर भी कब्जा कर लिया है।

3 बच्चों सहित 198 यूक्रेनियाई मारे जा चुके, 1115 घायल

इस बीच रूस की स्वतंत्र समाचार एजेंसी इंटरफैस्क ने यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से कहा कि रूस के हमले में अब तक तीन बच्चों सहित कम से कम 198 यूक्रेनियाई मारे जा चुके हैं और 1,115 लोग घायल हुए हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या इस संख्या में सिर्फ नागरिक हताहत हुए हैं।

कीव के मेयर बोले – मेट्रो प्रणाली शहरवासियों के आश्रयस्थल में तब्दील

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि शहर में रातभर की लड़ाई के दौरान दो बच्चों सहित 35 लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कीव में कोई बड़ी रूसी सैन्य उपस्थिति नहीं थी, हालांकि तोड़फोड़ करने वाले समूह सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रणाली अब केवल शहरवासियों के लिए एक आश्रय के रूप में काम कर रही है और ट्रेनों का संचालन बंद हो गया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार ने कहा – कीव में स्थिति यूक्रेनी सेना के नियंत्रण में

इसके विपरीत कीव से प्राप्त मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एक सलाहकार मिखाइलो पोडोलिक ने शनिवार को ही कहा कि राजधानी और देश के दक्षिण में लड़ाई चल रही है और यूक्रेनी सेना सफलतापूर्वक रूसी हमलों का सामना कर रही है।

मिखाइलो पोडोलिक ने कहा कि रूसी सेना के छोटे समूहों ने कीव में घुसपैठ करने की कोशिश की और यूक्रेनी सैनिकों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। उन्होंने कहा कि रूस कीव पर कब्जा करना चाहता है और देश के नेतृत्व को नष्ट करना चाहता है लेकिन रूसी सेना कोई बढ़त हासिल करने में विफल रही है और कीव में स्थिति यूक्रेनी सेना के नियंत्रण में है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code