राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद, आरोपित 3 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
अयोध्या, 26 जून। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के सभी आठ आरोपितों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रिमांड मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की अदालत ने सभी आरोपितों के तीन दिनों की न्यायिक अभिरक्षा का रिमांड मंजूर किया, जिसके बाद पुलिस ने सबको जेल भेज दिया। अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि सभी अभियुक्तों की निशानदेही पर अब तक बरामद 79 लाख 85 हजार 493 रुपये भी न्यायालय में पेश किए गए।
अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन ने राम जन्मभूमि थाने में अनुकल्प मिश्रा पुत्र रविंद्र कुमार मिश्रा (निवासी कौशलपुरी कॉलोनी, मानस डेंटल के बगल थाना कोतवाली नगर), करुणेश पांडेय पुत्र रामदास पांडेय (निवासी जयराजपुर थाना खंडासा) मनीष कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय सुधीर कुमार यादव (निवासी स्वर्गद्वार नया घाट थाना कोतवाली अयोध्या) लवकुश मिश्रा पुत्र राजेश कुमार मिश्रा (निवासी ठकुराइन खगोली थाना कोतवाली) रुदौली रमाशंकर मिश्रा (निवासी प्राचीन सीताराम मंदिर नया घाट थाना कोतवाली अयोध्या) अविनाश शुक्ला पुत्र राम सजीवन शुक्ला (निवासी कौशलपुरी मधुबन डेरी के पास थाना कोतवाली नगर) रामशकर यादव उर्फ टिन्नू स्वर्गीय सुंदरलाल श्रीवास्तव (निवासी बैंकर्स लाइन अनजनीपुरम कॉलोनी देवकाली रोड थाना कोतवाली नगर) के खिलाफ 305 ए, 306, 317 (2) 317(5) 316(5) 61(2) ए 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 13(1) (A) 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज कराई थी। मामले के विवेचक ने कोर्ट मे सभी आरोपितों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अदालत में पेश किया।
रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष मंदिर में सभी अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद किए गए 79 लाख 85 हजार 493 रुपये भी पेश किए गए। अदालत ने विवेचक द्वारा प्रस्तुत किए गए समस्त प्रपत्रों का सम्यक परिशीलन करने और अभियोजन अधिकारी की बहस सुनने के बाद सभी आरोपितों को तीन दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया क्योंकि मामले में भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं, इसलिए सभी आरोपितों को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कोर्ट में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
पेशी के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। क्षेत्राधिकारी अयोध्या तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुरक्षा बालों की तैनाती की गई थी। रिमांड आदेश मिलने के बाद सभी आरोपितों को जिला कारागार भेज दिया गया।
