सपा की काररवाई : स्वामी प्रसाद मौर्य पर टिप्पणी करने वालीं रोली तिवारी और ऋचा सिंह पार्टी से बर्खास्त

लखनऊ, 16 फरवरी। समाजवादी पार्टी ने रामचरित मानस को लेकर सपा महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा दिए गए बयान पर टिप्पणी को लेकर बड़ी काररवाई की है और गुरुवार की रात दो महिला नेताओं – रोली तिवारी और ऋचा सिंह को पार्टी से बर्खास्त कर दिया।

दरअसल रोली तिवारी ने रामचरित मानस के पन्नों को जलाने और उस पर कुछ नेताओं के लगातार अपशब्दों का प्रयोग करने पर पार्टी की ओर से कोई विरोध नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई थी। वहीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष और युवा नेता डॉ. ऋचा सिंह ने भी स्वामी द्वारा रामचरित मानस को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर ट्वीट के जरिए कड़ी नाराजगी जताई थी।

फिलहाल राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि रोली तिवारी और ऋचा सिंह पर हुई काररवाई से ये पूरी तरह से साफ हो गया है कि  स्वामी प्रसाद मौर्य को अखिलेश यादव का पूरा समर्थन है। इसी के चलते ये काररवाई की गई है।

गौरतलब है कि रामचरित मानस पर विवादित टिप्पणी के बाद से सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार निशाने पर हैं। स्वामी पर दूसरे पार्टी के नेताओं के अलावा खुद उनकी पार्टी के लोगों ने हमला बोला है। उन्हीं नेताओं में रोली तिवारी और ऋचा सिंह भी शामिल हैं। दोनों ही महिला नेता लगातार स्वामी पर हमला बोलती चली आ रही थीं। कभी ट्वीट के जरिए तो कभी सार्वजनिक तौर पर दोनों महिला नेताओं ने स्वामी पर हमला बोल चुकी हैं।

जनप्रतिनधियों और नेताओं को जारी किया गया निर्देश दिया

इसके साथ ही समाजवादी पार्टी की ओर से अपने सभी जनप्रतिनधियों और नेताओं को यह निर्देश दिया गया है कि सांप्रदायिक मुद्दों पर बहस से बचें। पार्टी की ओर कहा गया है, हमें राजनीतिक चर्चा और बुनियादी सवालों पर ही ध्यान रखना है। धार्मिक मुद्दा संवेदनशील मुद्दा होता है। हमें आनायास उससे संबंधित बहसों में नहीं उलझना चाहिए।’ पार्टी ने टीवी चैनलों की बहस में भी इसका ध्यान रखने का निर्देश जारी किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular