मुंबई, 12 सितंबर: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपने करियर में एक लंबा सफर तय किया है। शुरुआती दौर की चुनौतियों से लेकर बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने तक उन्होंने लगातार खुद पर भरोसा बनाए रखा। अब रश्मिका देशभर के नए और उभरते टैलेंट को मंच देने वाली एक खास पहल से जुड़ गई हैं। अभिनेत्री HYBE India के ऑडिशन का हिस्सा बनी हैं और इस पहल को युवाओं के सपनों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मानती हैं।
HYBE दुनिया की जानी-मानी एंटरटेनमेंट कंपनियों में शामिल है, जो दक्षिण कोरिया के कई लोकप्रिय K-Pop कलाकारों और ग्रुप्स के साथ काम कर चुकी है। अब कंपनी भारत में टैलेंट की तलाश कर रही है। HYBE India ने अपने टैलेंट हंट का विस्तार करते हुए देश के कई शहरों में ऑडिशन शुरू किए हैं, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके।
‘हर सफर किसी मौके से शुरू होता है’
HYBE India के साथ जुड़ने को लेकर रश्मिका मंदाना काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सपने को पूरा करने के लिए खुद पर विश्वास और सही मौके को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। अभिनेत्री के मुताबिक, जब वह अपने करियर के सफर को पीछे मुड़कर देखती हैं तो उन्हें महसूस होता है कि लगातार मेहनत करने के साथ-साथ मिलने वाली संभावनाओं को स्वीकार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उनका मानना है कि हर बड़ा सफर किसी न किसी अवसर से शुरू होता है।
सिंगिंग से डांस तक, टैलेंट दिखाने का मौका
HYBE India के इस ऑडिशन में प्रतिभागियों को अपनी अलग-अलग प्रतिभाएं दिखाने का अवसर दिया जा रहा है। इसमें सिंगिंग, डांस, रैप और अन्य परफॉर्मेंस स्किल्स शामिल हैं। रश्मिका का कहना है कि भारत में इस तरह की पहल के जरिए देश के युवा टैलेंट को ग्लोबल स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने HYBE की वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में आकर यहां के कलाकारों और प्रतिभाओं की तलाश करना अपने आप में खास पहल है।
लड़कियों से बोलीं रश्मिका- अपने सपने को एक मौका दें
रश्मिका मंदाना ने खास तौर पर देश की उन लड़कियों से इस अवसर का फायदा उठाने की अपील की है, जो कलाकार, परफॉर्मर या रोल मॉडल बनने का सपना देखती हैं। उन्होंने युवतियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रतिभा होने के बावजूद केवल डर या आत्मविश्वास की कमी के कारण किसी को अपने सपने से पीछे नहीं हटना चाहिए। हर लड़की को अपने सपने को कम से कम एक मौका जरूर देना चाहिए।
31 अक्टूबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
HYBE India का टैलेंट हंट अब बड़े स्तर पर पहुंच चुका है। सितंबर 2026 में शुरू हुए इस ऑडिशन के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। कंपनी ने इस अभियान में नए शहरों को भी शामिल किया है। इसका उद्देश्य बड़े महानगरों के अलावा देश के दूसरे हिस्सों में मौजूद युवाओं तक पहुंचना और उन्हें अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देना है। रश्मिका मंदाना के इस पहल से जुड़ने के बाद HYBE India के टैलेंट हंट को लेकर युवाओं के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। अब देखना होगा कि इस अभियान के जरिए भारत से कितने नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचाने का मौका मिलता है।


