Rajasthan निकाय चुनाव : दूसरे चरण का मतदान शुरू, 147 निकायों में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

जयपुर, 11 सितंबर। राजस्थान नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे और अंतिम चरण के तहत शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इस चरण में जयपुर समेत 6 नगर निगम और 141 नगर परिषद व नगर पालिकाओं, यानी कुल 147 नगरीय निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूसरे चरण में 87.60 लाख से अधिक मतदाता कुल 18,266 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इससे पहले 9 सितंबर को हुए पहले चरण के मतदान में 162 निकायों में 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

जयपुर में मतदान शुरू होते ही नोकझोंक

राजधानी जयपुर के वार्ड नंबर 114 स्थित केसरियों की धर्मशाला मतदान केंद्र पर मतदान शुरू होते ही विवाद की स्थिति बन गई। निर्दलीय प्रत्याशियों ने कांग्रेस प्रत्याशी की बूथ के भीतर मौजूदगी पर आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मतदान की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए।

कोटा में मदन दिलावर ने किया मतदान

कोटा के वार्ड नंबर 52, भाग संख्या-2 में प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मतदान शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले मतदान केंद्र पहुंच गए। उन्होंने कतार में लगकर शुरुआती मतदाताओं में शामिल होते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश…

11 सितंबर को सवैतनिक अवकाश
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार मतदान के दिन यानी 11 सितंबर को सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों के लिए सवैतनिक अवकाश (Paid Leave) का प्रावधान किया गया है, ताकि कर्मचारी मतदान कर सकें।

EPIC कार्ड नहीं है तो भी डाल सकेंगे वोट
यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड (EPIC) नहीं है, तो वह राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक का इस्तेमाल कर मतदान कर सकता है।

ऑनलाइन चेक कर सकते हैं वोटर डिटेल
मतदाता राज्य निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना नाम, भाग संख्या और मतदान केंद्र (Polling Booth) की जानकारी सत्यापित कर सकते हैं। मतदान केंद्र पर जाने से पहले मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर सकते हैं।

पहले चरण में 76.41 फीसदी मतदान
राजस्थान नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को हुआ था। राज्य के 162 निकायों में हुए मतदान में 76.41 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। अब दूसरे चरण में 147 निकायों के मतदाता अपने स्थानीय प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं। दूसरे चरण का मतदान राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया का अंतिम चरण है। इसके परिणाम स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular