यूपी में बारिश का कहर! लखनऊ में 21 घंटे में 125.8 मिमी पानी, 31 जिले फ्लैश फ्लड के लिहाज से संवेदनशील

लखनऊ, 26 सितंबर। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह तक पिछले 21 घंटे में 125.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश और तेज हवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है। कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

  • दक्षिण-पूर्वी यूपी की ओर बढ़ रहा दबाव

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना दबाव उत्तर-पश्चिम दिशा में दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे इसका केंद्र प्रयागराज से करीब 230 किलोमीटर दक्षिण में था। इसके शनिवार शाम तक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ते रहने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है।

  • अयोध्या में रामपथ से सरयू क्षेत्र तक असर

भारी बारिश और तेज हवाओं का असर अयोध्या में भी दिखाई दिया। रामपथ, राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी हुई। हालांकि बारिश के बावजूद श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचते रहे। एक श्रद्धालु ने बताया कि बारिश के बावजूद लोग मंदिर जा रहे हैं, लेकिन पानी और तेज हवाओं के कारण चलने में परेशानी हो रही है।

  • किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को नुकसान

बारिश और तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का दौर लंबे समय तक जारी रहा तो फसलों को और नुकसान हो सकता है।

  • योगी सरकार ने अफसरों को दिए सतर्कता के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। रेड अलर्ट वाले जिलों में विद्यालय बंद रखने के आदेश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट समेत कई जिलों को अचानक बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील माना है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही खुले क्षेत्रों, पेड़ों और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular