पंजाब से लेकर दिल्ली-यूपी तक बारिश से तबाही : पंजाब आपदाग्रस्त घोषित, 30 लोगों की मौत
पठानकोट/मंडी/गुरुग्राम/दिल्ली, 3 सितम्बर। भारत के उत्तरी हिस्से में बीते कुछ वर्षों के विपरीत इस वर्ष बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 2001 के बाद पहली बार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में इतनी भारी बारिश हो रही है।
पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित
हालात यह हैं कि पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और राज्य को आपदाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। करीब 1200 गांव डूब गए हैं और लाखों लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है। अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा 324 गांव गुरदासपुर जिले के प्रभावित हैं। इसके अलावा सतलुज, चिनाब और रावी नदियों ने तो भारतीय हिस्से के पंजाब से लेकर पाकिस्तान तक में तबाही मचा रखी है।

दिल्ली में यमुना का पानी घरों में घुसा, 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया
उधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 206.80 मीटर पर बह रही है। नदी के पास बना लोहे का पुल बंद कर दिया गया है। यमुना बाजार-तिब्बती बाजार में पानी भरा है। निचले इलाकों में स्थित आवासों में यमुना का पानी घुस गया है और करीब 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। स्कूल बंद रखे गए हैं। ऑनलाइन क्लास जारी हैं।

हरियाणा में 200 से ज्यादा स्कूल बंद
हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। अंबाला में हालात बदतर हैं। यहां सैकड़ों घरों में 2-4 फीट पानी भरा हुआ है। 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं।

राज्य के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर आज पूर्वाह्न10 बजे 1 लाख 58 हजार 552 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। बैराज के फ्लड गेट करीब 67 घंटे से लगातार खुले हैं। यहां से छोड़ा जा रहे पानी से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर दिल्ली में नजर आ रहा है।
हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, यूपी के 20 शहरों में तेज बारिश
हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। आज सुबह कुल्लू में लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार की शाम मंडी के सुंदरनगर में दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। मलबे से चार शव आज निकाले गए हैं। राज्य के सात जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है।

बांके बिहारी मंदिर से यमुना का पानी केवल 400 मीटर दूर
उत्तर प्रदेश के 20 शहरों में तेज बारिश से हालात बिगड़े हैं। नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। मथुरा में यमुना में बाढ़ है। बांके बिहारी मंदिर से यमुना का पानी केवल 400 मीटर दूर है। यहां 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश में अब तक 970.28mm बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 104% है, जबकि अब तक 800.1mm बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 939.8mm है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 1117.6mm बारिश हुई थी।
