ICC टी20 विश्व कप : बारिश ने जिम्बाब्वे को दिलाया सुपर-8 का टिकट, पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया बाहर
कैंडी, 17 फरवरी। ICC टी20 विश्व कप में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच का मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद हो गया। इसका नतीजा यह हुआ कि जिम्बाब्वे ने जहां ग्रुप बी से सुपर 8 का टिकट हासिल कर लिया वहीं शुरुआती तीन में दो पराजय झेलने वाले पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को प्रारंभिक चरण से ही मायूस विदाई झेलनी पड़ी।
Zimbabwe seal a Super 8 spot at the #T20WorldCup as rain has the final say in Kandy.
📝: https://t.co/za8B3ZkNq6 pic.twitter.com/7JgEY4bwtd
— T20 World Cup (@T20WorldCup) February 17, 2026
आयरलैंड-जिम्बाब्वे मैच बारिश से रद
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बिना परिणाम खत्म हुए इस मैच में जिम्बाब्वे और आयरलैंड को एक-एक अंक मिला और यही अंक जिम्बाब्वे को सुपर 8 में पहुंचाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ।
जिम्बाब्वे के खाते में आ चुके हैं 5 अंक
इस नतीजे के बाद ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं क्योंकि जिम्बाब्वे के तीन मैचों में पांच अंक हो गए जबकि ऑस्ट्रेलिया अपने आखिरी मैच में जीत दर्ज कर भी अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच सकता था। ओमान पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका था और इस ‘नो रिजल्ट’ ने आयरलैंड की राह भी बंद कर दी, जिसने सभी चार मैच खेलकर तीन अंक बटोरे। इस ग्रुप से श्रीलंका पहले ही तीन मैचों में अधिकतम छह अंकों के साथ सुपर 8 में पहुंच चुका है।
We’ve done it! 🇿🇼 🥳
#T20WorldCup pic.twitter.com/DH887WL0Cl
— Zimbabwe Cricket (@ZimCricketv) February 17, 2026
ऑस्ट्रेलिया को पहले ही लग चुका था झटका
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया एक दिन पहले ही बाहर होने की कगार पर जा पहुंचा था, जब उसे श्रीलंका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले जिम्बाब्वे से भी हार मिली थी जबकि उसकी इकलौती जीत आयरलैंड के खिलाफ आई थी। कुल मिलाकर उनका अभियान निराशाजनक रहा।
पाकिस्तान बनाम अमेरिका मैच से होगा सुपर 8 के अंतिम स्थान का फैसला
उधर इंग्लैंड, भारत, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज भी सुपर 8 में अपनी जगह बना चुके हैं। अब आखिरी सुपर 8 स्थान के लिए ग्रुप ए में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मुकाबला बचा है। ऐसे में पाकिस्तान का नामीबिया के खिलाफ 18 फरवरी को होने वाला मुकाबला बेहद अहम है।
