IPL-19 : राहुल तेवतिया की गलती पकड़ी गई, पंजाब किंग्स के खिलाफ निर्धारित मानक से चौड़ा बल्ला लेकर उतरे थे
न्यू चंडीगढ़, 1 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में मंगलवार पंजाब किंग्स (PBKS) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) मुकाबले के दौरान अजीब वायका देखने को मिला, जब गुजराती टीम के बल्लेबाज राहुल तेवतिया निर्धारित मानक से ज्यादा चौड़ा बल्ला लेकर उतरे। हालांकि मैदानी अंपायरों ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया और बल्लेबाज को दूसरा बल्ला मंगाना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि मेजबान पंजाब किंग्स ने अंतिम ओवर तक खिंचा यह मुकबला पांच गेंदों के शेष रहते तीन विकेट से जीता था। गुजरात टाइटंस की टीम छह विकेट पर 162 रनों तक पहुंची थी। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई प्रथम प्रवेशी बल्लेबाज कूपर कोनोली के विस्फोटक अर्धशतकीय प्रहार से पंजाब किंग्स ने सात विकेट पर 165 रन बनाए।
मैच के दौरान उस वक्त अनोखा ड्रामा देखने को मिला, जब शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजराती टीम पारी में राहुल तेवतिया बल्लेबाजी करने उतरे। राहुल ने जैसे ही गार्ड लिया, ऑन-फील्ड अंपायरों ने उन्हें रोक दिया।
आईपीएल के प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स इंडिया ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि तेवतिया का बैट रूटीन गेज टेस्ट में फेल हो गया। BCCI के नियमों के मुताबिक बैट का डाइमेंशन MCC और ICC स्टैंडर्ड्स से ज्यादा था, जिससे अनफेयर एडवांटेज मिल सकता था। अंपायरों ने तुरंत उन्हें बैट बदलने को कहा और तेवतिया को पहली गेंद का सामना करने से पहले दूसरा बल्ला लेना पड़ा।
Unexpected twist right in the middle of the game 👀
The umpires step in and stop Rahul Tewatia as his bat doesn’t meet the regulations! 😮#TATAIPL 2026 | #PBKSvGT | LIVE NOW 👉 https://t.co/8O2J6XJtcm pic.twitter.com/txanPzNCPk
— Star Sports (@StarSportsIndia) March 31, 2026
देखा जाए तो यह IPL 2026 सत्र का पहला बैट रेगुलेशन वॉयलेशन था, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी चर्चा छेड़ दी। BCCI की यह सख्ती अनुचित लाभ रोकने के मकसद से की जा रही है। खैर, तेवतिया ने बदले बल्ले से 10 गेंदों का सामना कर एक चौके की मदद से नाबाद 11 रन बनाए।
MCC के नियमानुसार बल्ले की साइज
बल्ले में दो हिस्से होते हैं, एक हैंडल और एक ब्लेड। जब हैंडल का निचला हिस्सा अंदर डाला जाता है, तो बैट की पूरी लंबाई 38 इंच/96.52 cm से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। MCC के रूल 5.7.2 के अनुसार बल्ले का ब्लेड निर्धारित साइज से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
- चौड़ाई : 4.25 इंच / 10.8 cm
- गहराई : 2.64 इंच / 6.7 cm
- किनारे : 1.56 इंच / 4.0 cm
