राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया हमला तो भड़के राजनाथ सिंह, किरेन रिजिजू ने भी जताई कड़ी आपत्ति
नई दिल्ली, 17 अप्रैल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के विशेष सत्र में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसपर सत्ता पक्ष भड़क उठा।
दरअसल, कांग्रेस सांसद राहुल ने अपने बचपन में जादूगर की एक कहानी सुनाते-सुनाते पीएम मोदी पर ऐसी आपत्तिजनक बात कह दी, जिसे स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही से हटाना पड़ा। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे देश से माफी मांगने की बात कही। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने भी आपत्ति जताते हुए राहुल से जिम्मेदारी के साथ बोलने की अपील की।
राहुल गांधी ने पहले तो दावा किया कि भाजपा को पता है कि वह इस बिल को पास नहीं करवा सकती। उन्होंनें कहा, ‘भाजपा को पता था कि वास्तव में बिल पास नहीं कराया जा सकता। वे जानते थे। वे बेवकूफ नहीं हैं….यह पैनिक रियेक्शन था।’
‘बालाकोट का जादूगर, नोटबंदी का जादूगर, सिंदूर का जादूगर अचानक पकड़ा गया..’
कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह रिएक्शन प्रधानमंत्री के कारण था, जिन्हें किसी भी कीमत पर दो संदेश देना था। पहला, उन्हें भारत का चुनावी नक्शा बदलना था। और दूसरा, वह फिर से यह संदेश देना चाहते थे कि वे महिलाओं के पक्ष में हैं। वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, इसे मैं आपकी कल्पना पर छोड़ता हूं।….सच्चाई ये है कि जादूगर पकड़ा गया है। बालाकोट का जादूगर, नोटबंदी का जादूगर, सिंदूर का जादूगर अचानक पकड़ा गया है…।’
LIVE: Shri @RahulGandhi | The Constitution (One Hundred and Thirty-First Amendment) Bill, 2026 | Lok Sabha. https://t.co/CNUwLCPwFt
— Congress (@INCIndia) April 17, 2026
किरेन रिजिजू का राहुल से आग्रह – ‘आप बोलिए, लेकिन जिम्मेदारी से बोलिए..’
इसपर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने तत्काल प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘बार-बार हमने राहुल गांधी से आग्रह किया, ये बिल्कुल भी तरीका नहीं है। आप बोलिए, लेकिन जिम्मेदारी से बोलिए…। देश के 140 करोड़ लोगों से चुने हुए प्रधानमंत्री को ये अनाप-शनाप बात करके क्या साबित करना चाहते हैं।’
देश से क्षमा मांगें राहुल गांधी – राजनाथ सिंह
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राहुल गांधी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, ‘इस देश के प्रधानमंत्री के संबंध में जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग नेता प्रतिपक्ष के द्वारा किया जा रहा है, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है।’
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘इस देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है। हमें जनता ने जो स्ट्रेंथ दी है, उस स्ट्रेंथ के कारण वे प्रधानमंत्री बने हैं। बार-बार मैजिशियन कहकर वे किसी व्यक्ति का अपमान नहीं कर रहे हैं, देश की जनता का अपमान कर रहे हैं अध्यक्ष महोदय…और मैं आपसे अनुरोध करना चाहता हूं, जिन शब्दों का इन्होंने इस्तेमाल किया, उसे सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए, और राहुल गांधी को क्षमा मांगनी चाहिए देशवासियों से।
राहुल का दावा – महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक किसी भी स्थिति में पास नहीं होने देंगे
इससे पहले राहुल गांधी ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर कहा कि विपक्ष इसे किसी भी स्थिति में पास नहीं होने देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार जो प्रस्ताव लाई है, उससे दक्षिण भारतीय राज्यों को सीटों का नुकसान होगा।
